800 से ज्यादा खातों में गड़बड़ी का अंदेशा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ से की जांच की मांग
खूंटी के गिरदा पोस्ट ऑफिस में 800 से ज्यादा खातों में वित्तीय गड़बड़ी की आशंका है। पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने केंद्रीय मंत्री संजय सेठ से निष्पक्ष जांच और खाताधारकों के पैसे वापस कराने की मांग की।

Khunti: तोरपा विधानसभा क्षेत्र के बानो प्रखंड अंतर्गत गिरदा पोस्ट ऑफिस में हुआ कथित वित्तीय गड़बड़ी का मामला अब केंद्र सरकार के दरवाजे तक पहुंच गया है। ग्रामीणों की गाढ़ी कमाई गायब होने की इस गंभीर शिकायत को लेकर पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने बुधवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मुलाकात की। उन्होंने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित खाताधारकों के डूबे पैसे वापस दिलाने की जोरदार मांग रखी।
पासबुक में दिख रही रकम, खाते से बैलेंस पूरी तरह गायब
केंद्रीय मंत्री को सौंपे गए पत्र में चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए गए हैं। गिरदा पोस्ट ऑफिस के सैकड़ों खाताधारकों की पासबुक में जमा रकम बाकायदा दर्ज है, लेकिन जब ग्रामीण अपनी जरूरत के समय पैसा निकालने काउंटर पर पहुंच रहे हैं, तो सिस्टम में उनका बैलेंस शून्य या गायब दिख रहा है। पासबुक में एंट्री होने और असल खाते में पैसे न दिखने के इस बड़े खेल ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है।
800 से ज्यादा खातों में हेराफेरी की आशंका, 60 लोगों ने दी लिखित शिकायत
पूर्व विधायक ने बताया कि इस फर्जीवाड़े को लेकर अब तक करीब 60 खाताधारकों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शुरुआती पड़ताल में यह मामला 800 से अधिक बैंक खातों से जुड़ा बताया जा रहा है। इतनी बड़ी तादाद में सीधे-सादे ग्रामीणों की जमा पूंजी के साथ हुई इस धोखाधड़ी से पूरे इलाके में गहरा रोष फैल गया है।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई, पैसे वापस कराने का मिला भरोसा
केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस पर तत्काल जांच शुरू कराने का ठोस आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि डाक विभाग के अधिकारियों से बात कर जांच कराई जाएगी और अगर किसी भी कर्मचारी या बिचौलिए की मिलीभगत सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। मंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मेहनत की पाई-पाई वापस दिलाने के लिए हर मुमकिन कदम उठाए जाएंगे।
लंबे समय से परेशान ग्रामीणों को मिली इंसाफ की आस
केंद्रीय मंत्री की ओर से मिले जांच के भरोसे के बाद अपनी जीवनभर की पूंजी को लेकर दर-दर भटक रहे पीड़ित ग्रामीणों में उम्मीद की किरण जागी है। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक कोचे मुंडा के साथ सामाजिक कार्यकर्ता संजय वर्मा, ऋषि नाथ शाहदेव और सुनील सिंह भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रोलागुटू मर्डर केस में पुलिस की बड़ी सफलता, खूंटी पुलिस ने बुढ़मू से भीम सिंह को किया गिरफ्तार

महिला की जमीन पर रातों-रात बना दी दीवार!, रामगढ़ में DC के पास पहुंचा कब्जा और धमकी का मामला







