दानापुर में सरेआम युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस चौकी से महज 20 कदम दूर की घटना
दानापुर के तकिया पर पुलिस चौकी से महज बीस गज की दूरी पर सरेआम बदमाशों ने एक युवक पर लाठी-डंडे, रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला किया. घटना के बाद युवक को गंभीर रुप से इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया.

Danapur (Bihar): राजधानी पटना के दानापुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पुलिस चौकी के पास ही सरेआम एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. दानापुर के तकिया पर पुलिस चौकी से महज बीस गज की दूरी पर सरेआम करीब एक दर्जन बदमाशों ने एक युवक पर लाठी-डंडे, रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला किया. घटना के बाद युवक को गंभीर रुप से इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
दिल्ली से बहन की शादी में शामिल होने पहुंचा था घर
मृतक की पहचान गुरुद्वारा रोड निवासी बिट्टू उर्फ पालकियां, पिता- विनय कुमार सिंह के रूप में हुई है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मां का रो-रोकर बुरा हाल है वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं. बताया जा रहा है कि बिट्टू दिल्ली में ट्रक चलाने का काम करता था और वह तीन दिन पहले ही अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर वापस आया था.
घटना को अंजाम देकर मौके से भागे अपराधी
जानकारी के अनुसार, बिट्टू घटना वाले दिन देर शाम अपने घर से निकलकर तकियापर गया था जहां बदमाशों ने उसे घेर लिया. और उसकी पिटाई कर दी. घटना के बाद पूरे तकियापार इलाके की दुकानें बंद हो गईं और लोगों में भय का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक को बीच सड़क पर ही घेरकर बदमाशों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और इसके बाद मौके से वे फरार हो गए. 
घटना की जानकारी के बावजूद देर से पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी पास में होने के बावजूद काफी देर से घटनास्थल पर पुलिस पहुंची. लोगों का कहना है कि इलाके में अवैध धंधे खुलेआम चल रहे हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं. वहीं, थानाध्यक्ष पी.के. भारद्वाज ने बताया कि मारपीट में घायल युवक को इलाज के लिए पटना भेजा गया था, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने दानापुर गांधी मैदान मुख्य मार्ग को जाम कर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट- राजू राज
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

UP के पीलीभीत जनपद में पति ने पत्नी की नाक काटकर कर दी अलग ! जानें क्या हैं पूरा मामला

नवादा के लाल सूरज कुमार ने CGL में लहराया परचम, बने सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर







