गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गिरिडीह गुरुद्वारा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
गिरिडीह के प्रधान गुरुद्वारा में गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सिख समाज के साथ बड़ी संख्या में हिंदू धर्मावलंबियों ने भी मत्था टेका. अखंड पाठ के समापन के बाद शब्द कीर्तन और लंगर में हजारों लोगों ने भाग लिया.

Naxatra News
Giridih : गिरिडीह में सिख समाज के प्रथम गुरु और संस्थापक गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया. दो दिनों तक चलने वाले इस पर्व की रौनक पूरे शहर में देखने को मिली. मंगलवार को प्रधान गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकाला गया, जबकि बुधवार को दरबार साहिब में विशेष दरबार सजाया गया.

इस अवसर पर सिख समाज के साथ-साथ हिंदू धर्मावलंबियों की भी भारी भीड़ गुरुद्वारे में उमड़ी. श्रद्धालुओं की इतनी संख्या थी कि गुरुद्वारे में पांव रखने तक की जगह नहीं बची. महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भागीदारी ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया.
प्रधान सेवक डॉक्टर गुणवंत सिंह मोंगिया और पूर्व प्रधान सेवक डॉक्टर अमरजीत सिंह सलूजा के नेतृत्व में स्थानीय रागी जत्था ने 48 घंटे से चल रहे अखंड पाठ का समापन किया. इसके बाद शब्द कीर्तन का दौर शुरू हुआ, जिसमें गुरु नानक देव जी के उपदेशों और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया.

कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा शबद कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को प्रस्तुत किया गया. समय बीतने के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई. दरबार साहिब में भावनात्मक माहौल देखने को मिला, जहां गुरु नानक देव जी की वाणी गूंजती रही.
इस अवसर पर प्रधान सेवक डॉक्टर गुणवंत सिंह मोंगिया और डॉक्टर अमरजीत सिंह सलूजा ने रागी जत्था व सेवादारों को भगवा सिरोपा पहनाकर सम्मानित किया. गुरुद्वारे में आयोजित लंगर में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया.
कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह सलूजा, तरणजीत सिंह सलूजा, जोरावर सिंह सलूजा, सन्नी सिंह मोंगिया, बलविंद्र सिंह ऋषि, देबेन्द्र सिंह सलूजा, सुधीर आनंद, भाजपा नेता चुन्नूकांत, हरमिंदर सिंह बग्गा और राजेंद्र सिंह बग्गा सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे. पूरे गिरिडीह में गुरु नानक देव जी के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धा का माहौल छाया रहा.
(रिपोर्ट - मनोज कुमार पिंटू)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

चतरा में होमगार्ड बहाली पर बवाल: पत्थलगड्डा के अभ्यर्थियों ने समाहरणालय में किया हंगामा

गिरिडीह भाजपा ने मनाया पार्टी का स्थापना दिवस समारोह, मोदी-योगी सहित हिमंता के समर्थन में लगे नारे






