वाराणसी में एक लाख का इनामी गैंगस्टर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पिछले वर्ष कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर की थी हत्या
पिछले वर्ष 21 अगस्त की सुबह सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर-अरिहंत नगर कालोनी में सुबह करीब नौ बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस 4 बदमाशों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी. अब जाकर इनामी गैंगस्टर अरविंद भी पुलिस गिरफ्त में है.

UP (Varanasi) : वाराणसी के सारनाथ में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम हत्याकांड के आरोपी अरविंद यादव उर्फ फौजी उर्फ कल्लू यादव को पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के सराय मोहना में मुठभेड़ के दौरान हुई. बता दें कि महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में आरोपी शूटर अरविंद यादव पर एक लाख का इनाम घोषित किया गया था.
फौजी की बर्खास्तगी के लिए सेना को लिखा जाएगा पत्र
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि अरविंद असम के तेजपुर में भारतीय सेना के सिग्नल कोर में तैनात है. पुलिस उसकी आईडी और अन्य दस्तावेज से तस्दीक कर रही है. फौजी की बर्खास्तगी के लिए सेना को पत्र लिखा जाएगा. फौजी अरविंद यादव पर अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. परिवार में विवाद के बाद उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा, जिसमें वह जेल भी जा चुका है. दाहिने पैर में लगी गोली से घायल फौजी अरविंद यादव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा साथी भाग गया, जिसकी तलाश जारी है. आरोपी फौजी के कब्जे से दो असलहे और कारतूस बरामद किया गया. वह गाजीपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के सिमराफैज गांव का निवासी है. डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी और क्राइम ब्रांच प्रभारी गौरव सिंह की टीम को सूचना मिली कि आरोपी सराय मोहना क्षेत्र से भागने की फिराक में है. इस सूचना पर टीम ने घेराबंदी की और आत्मसमर्पण के लिए कहा तो उसने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी फायरिंग में आरोपी जमीन पर गिर पड़ा. सारनाथ थाने की पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया.
बिहार के मुकीम ने उपलब्ध कराया था असलहा
पूछताछ में अरविंद ने बताया कि पहले ही गिरफ्तार हो चुके बिहार के मुकीम ने उसे असलहा उपलब्ध कराया था. शूटर गाजीपुर करंडा थाना क्षेत्र के गौरहट निवासी बनारसी यादव भी वारदात के दौरान साथ था. 21 अगस्त 2025 की सुबह चंदन शुक्ला ने महेंद्र गौतम की रेकी कर शूटरों को लोकेशन दी. जिसके बाद घर से कार्यालय जाते वक्त बाइक सवार महेंद्र गौतम की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी.
यह था पूरा मामला
पिछले वर्ष 21 अगस्त की सुबह सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर-अरिहंत नगर कालोनी में सुबह करीब नौ बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी थी. एक बदमाश बाइक चला रहा था, जबकि पीछे बैठे दो बदमाश गोलियां चला रहे थे. सनसनीखेज मामले में सात दिन बाद 27 अगस्त को पुलिस ने 28 फोन कॉल्स के जरिए क्लू खोजा और चार बदमाशों को गिरफ्तार किया था. इसमें हत्या की साजिश रचने वाला गाजीपुर का कालोनाइजर जोगेंद्र यादव निकला, जिसने दो शूटरों गाजीपुर के अरविंद यादव, बनारसी यादव व एक अन्य बदमाश विशाल के जरिए वारदात को अंजाम दिलवाया था. विशाल बाइक चला रहा था जबकि अरविंद व बनारसी गोली चला रहे थे. पुलिस की पकड़ से बनारसी यादव अब भी दूर है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

UP: बोर्ड परीक्षा देकर घर लौट रही 6 छात्राएं एक साथ लापता, लोगों में आक्रोश

UP Crime: तकिये से घोंट दी सास की सांस, बहू और प्रेमी का काला सच आया सामने






