खूंटी में 8 महीने की प्रेग्नेंट युवती की हत्या, जंगल में मिला शव ; प्रेमी अरेस्ट
खूंटी जिले के मुरहू थाना इलाके में 8 महीने की गर्भवती 19 साल की युवती की हत्या का मामला सामने आया है।
Khunti: खूंटी जिले के मुरहू थाना इलाके में 8 महीने की गर्भवती 19 साल की युवती की हत्या का मामला सामने आया है। रविवार को उसका शव पंगुरा गांव के जंगल से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में दोहरे हत्याकांड की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है और युवती के प्रेमी सागर ओड़ेया को गिरफ्तार कर लिया है।
दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध
पुलिस के मुताबिक, युवती अड़की थाना इलाके की रहने वाली थी और करीब दो साल से पंगुरा गांव के रहने वाले 20 वर्षीय सागर ओड़ेया के साथ उसका प्रेम संबंध था। इसी दौरान युवती प्रेग्नेंट हो गई। बताया जा रहा है कि वह सागर से अपने साथ-साथ होने वाले बच्चे को भी अपनाने और दोनों को साथ रखने की मांग कर रही थी।
दूसरी युवती को घर में रखने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, इसी बीच सागर ने युवती से दूरी बनानी शुरू कर दी। करीब दो महीने पहले उसने ढुकू प्रथा के तहत दूसरी युवती को अपने घर में रखना शुरू कर दिया। इसके बाद सागर और मृतका के बीच विवाद बढ़ता चला गया।
बच्चे के हक की बात लेकर पहुंची थी प्रेमी के घर
बताया जा रहा है कि 2 सितंबर को युवती अपने होने वाले बच्चे के हक की मांग को लेकर सागर के घर पहुंची थी। इसके बाद 4 सितंबर से उसका कोई पता नहीं चला। परिवार वालों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो खोजबीन और तेज कर दी गई।
जंगल में शव मिलने से मचा हड़कंप
रविवार को पंगुरा गांव के जंगल में युवती का शव मिला। सूचना मिलते ही डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और मुरहू थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पूछताछ में हत्या की बात कबूलने का दावा
मुरहू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सागर ओड़ेया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने युवती की हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि युवती के साथ उसका विवाद चल रहा था। इसी विवाद से बचने के लिए वह कथित तौर पर युवती को बहला-फुसलाकर जंगल की तरफ ले गया, जहां उसकी हत्या कर दी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






