हजारीबाग में शिक्षक पर गोली चलाने वाला शूटर गिरफ्तार, पुरानी रंजिश मे...
हजारीबाग जिले के पदमा ओपी इलाके में रिटायर्ड शिक्षक रामजय कुमार महथा पर जानलेवा हमला करने के मामले को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है।
Hazaribagh: हजारीबाग जिले के पदमा ओपी इलाके में रिटायर्ड शिक्षक रामजय कुमार महथा पर जानलेवा हमला करने के मामले को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी 40 वर्षीय कृष्णा महतो उर्फ महेश महतो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल एक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, दो मिसफायर गोलियां, दो खोखा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
6 सितंबर की सुबह मारी थी दो गोलियां
यह सनसनीखेज वारदात 6 सितंबर की सुबह सामने आई थी, जब बाइक पर सवार अपराधियों ने रिटायर्ड शिक्षक रामजय कुमार महथा को निशाना बनाते हुए उन पर ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।
बरही एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी थी एसआईटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस ने तुरंत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया। बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में टीम ने कई संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की और आरोपी कृष्णा महतो को दबोच लिया।
पुराने विवाद में दिया था वारदात को अंजाम: एसपी
हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते फायरिंग करने की बात कबूल की है। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों की भी गहन जांच कर रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






