जामताड़ा में 4 साइबर फ्रॉड समेत 6 गिरफ्तार, फर्जी सिम व मोबाइल जब्त
जामताड़ा में पुलिस ने चार साइबर ठग और दो मोबाइल छिनतई आरोपियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 8 मोबाइल, 10 फर्जी सिम कार्ड और बाइक जब्त की है।

Jamtara News: जामताड़ा पुलिस ने अपराध और साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 6 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में 4 साइबर ठग और 2 मोबाइल छिनतई (स्नैचिंग) के आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 8 मोबाइल फोन, 10 फर्जी सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पलाश के जंगल में छापेमारी: 4 साइबर ठग रंगे हाथ दबोचे गए
रविवार को मामले का खुलासा करते हुए पुलिस उपाधीक्षक (DSP) वसीम राजा ने बताया कि पुलिस को कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सकलपुर से गोपालपुर जाने वाले मार्ग पर पक्की सड़क किनारे स्थित पलाश जंगल में घेराबंदी कर छापेमारी की। मौके से 4 साइबर अपराधियों को ऑनलाइन ठगी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए साइबर ठगों की पहचान फारुख अंसारी, शमसुद्दीन अंसारी, जानी बाबू और कलीम अंसारी के रूप में हुई है। इनके पास से 8 मोबाइल फोन, 10 फर्जी सिम कार्ड और एक बाइक जब्त की गई है।
मिशन चौक पर चेकिंग के दौरान 2 मोबाइल लुटेरे गिरफ्तार
इसके अलावा, कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के मिशन चौक के पास चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो अन्य अपराधियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह और दिनेश दास के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से एक महिला से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया गया।
सभी 6 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल
डीएसपी वसीम राजा ने बताया कि दोनों मामलों में कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी छह आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस साइबर ठगों के पास से मिले फर्जी सिम कार्ड और मोबाइल फोन के डेटा की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बंदूकें खामोश हुईं पर स्कूलों की छतें जर्जर, नक्सलमुक्त होकर भी विकास को तरस रहा पश्चिमी सिंहभूम का बोयपाईसन गांव!

बच्चों के हाथ में हो किताब, नशे से रहें दूर!, बिरहोर परिवारों के बीच पहुंची हजारीबाग पुलिस की पाठशाला, बच्चों की शिक्षा पर दिया जोर







