उर्स मेला देखने गया 10 वर्षीय बच्चा मिला मृत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मटोखर उर्स मेले से लापता 10 वर्षीय मोहम्मद अतीफ का शव तालाब से बरामद हुआ। शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।


शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। मटोखर उर्स मेले से लापता हुए 10 साल के मोहम्मद अतीफ का शव शुक्रवार को तालाब से मिला। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक के शरीर पर कई चोट के निशान देख कर परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। मोहम्मद अतीफ की पहचान शेखपुरा नगर के बड़ी दरगाह निवासी मोहम्मद शमशाद के 10 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है।
उर्स मेला देखने गया था, फिर हो गया लापता
परिजनों के मुताबिक, 30 जुलाई को मोहम्मद अतीफ अपने परिवार के साथ मटोखर दरगाह में आयोजित उर्स मेले में गया था। इसी दौरान, वह कुछ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बच्चे के गायब होने के बाद, परिजनों ने स्थानीय प्रशासन और दरगाह कमेटी की मदद से उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
अगले दिन, मटोखर दह तालाब में बच्चे का शव तैरता हुआ पाया गया। जैसे ही सूचना मिली, परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। शव को बाहर निकालने के बाद, उसके शरीर पर कई चोटों के निशान नजर आए। इन निशानों को देखकर परिजनों ने आरोप लगाया कि बच्चे की हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को तालाब में फेंका गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहराई से जांच की जा रही है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अभी तक हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। इस बीच, मासूम की मौत से परिवार में गहरा शोक छा गया है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और वे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
(शेखपुरा से रंजन कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कोसी का मगरमच्छ पहुंचा धान के खेत तक! ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

सदर अस्पताल पर बड़ा आरोप! जुड़वां बच्चों में एक को मृत बताकर बदलने का दावा, परिवार का हंगामा







