उसरी नदी बचाने सड़क पर उतरे 10 हजार लोग, 3 KM लंबी मानव श्रृंखला बनाकर स्टील फैक्ट्री के खिलाफ किया प्रदर्शन
गिरिडीह में उसरी नदी से बालमुकुंद स्टील सह स्पंज आयरन फैक्ट्री को पानी दिए जाने के विरोध में 10 हजार से अधिक ग्रामीणों ने 3 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई। आंदोलन में कई राजनीतिक दलों के नेता भी शामिल हुए।


गिरिडीह: गिरिडीह की जीवनदायिनी उसरी नदी को लेकर विरोध अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। रविवार को गिरिडीह-धनबाद रोड स्थित बराकर पुल से लेकर बालमुकुंद स्टील सह स्पंज आयरन फैक्ट्री तक करीब 3 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई गई। इस आंदोलन में 10 हजार से अधिक ग्रामीण शामिल हुए और उसरी नदी से फैक्ट्री को पानी देने के प्रस्ताव का जोरदार विरोध किया। मानव श्रृंखला में शामिल लोगों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नदी बचाने का संकल्प लिया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ नारे लिखे गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि फैक्ट्री को पाइपलाइन के जरिए उसरी नदी से पानी लेने की अनुमति दी गई तो भविष्य में नदी का अस्तित्व और जिले की पेयजल व्यवस्था दोनों खतरे में पड़ जाएंगे।
आंदोलन का नेतृत्व उसरी बचाओ अभियान के संयोजकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने किया। इसमें माले नेता राजेश सिन्हा, जेएमएम नेता मोहम्मद बिलाल, मजदूर संगठन समिति के कन्हैया पांडेय, भाजपा नेता रंजीत राय, नवीन सिन्हा और सौरभ कुमार समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि उसरी नदी केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि गिरिडीह की जीवनरेखा है। उन्होंने हेमंत सरकार से मांग करते हुए कहा कि पूरे जिले की पेयजल व्यवस्था इस नदी पर निर्भर है। ऐसे में यदि बालमुकुंद स्टील सह स्पंज आयरन फैक्ट्री को उत्पादन के लिए नदी से बड़े पैमाने पर पानी लेने की अनुमति दी गई तो आने वाले समय में उसरी नदी का अस्तित्व गंभीर संकट में पड़ सकता है।आंदोलनकारियों ने सरकार से मांग की कि उसरी नदी से फैक्ट्री को पानी उपलब्ध कराने के निर्णय को तत्काल वापस लिया जाए।
रिपोर्ट - मनोज कुमार पिंटू, गिरिडीह

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सुल्तानगंज जाने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए एक्शन में गिरिडीह पुलिस खुद एसपी ने लिया जायजा

कचरे में मिला 5 महीने के भ्रूण का शव, मेडिकल स्टोर पर छापा... खुली कई चौंकाने वाली परतें!







