राजस्थान के युवक ने सांसदों और राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी, आरोपी हिरासत में
पवन खेड़ा ने वीडियो किया सार्वजनिक, भाजपा और करणी सेना ने आरोपी से झाड़ा पल्ला --- कोटा के रहने वाला एक युवक राहुल गांधी के साथ सांसदों को गोली मारने की धमकी देता हुआ वीडियो में नजर आता है. इस मामले के सार्वजनिक होने के बाद भाजपा और करणी सेना ने किनारा कर लिया है.

New Delhi: राजस्थान का रहने वाला एक युवक जो खुद को करणी सेना से जुड़ा बता रहा है. एक वीडियो जारी कर वह राहुल गांधी सहित अन्य सांसदों को जान से मारने की धमकी देता नजर आता है. सोशल मीडिया के जरिए युवक राहुल गांधी को गोली से उड़ाने की धमकी देता है. जिसका वीडियो पवन खेड़ा द्वारा सार्वजनिक करने के बाद सियासी घमासान मचा हुआ है.
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर जारी करने के बाद कोटा सिटी पुलिस एक्टिव हो गई और तत्काल आरोपी राज सिंह आमेरा को हिरासत में लिया. भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने इस पूरे मामले पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि राज सिंह आमेरा का भारतीय जनता पार्टी से कोई संबंध नहीं है. वह भाजपा का सदस्य भी नहीं है. मामले में पुलिस उस पर सख्त कार्रवाई करे. वहीं, राजपूत करणी सेना ने आरोपी युवक से किनारा कर लिया है.
पवन खेड़ा ने सार्वजनिक किया वीडियो
पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया के जरिए इस मामले में भाजपा पर गंभीर आरोप लगा दिए हैं. उन्होंने भाजपा और आरएसएस को 'गोडसे फैक्ट्री' बता दिया है. विपक्ष के सांसदों को धमकी देने के मामले को उन्होंने सुनियोजित कपट पूर्ण साजिश भी बताया है. इस मामले में केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं.
अनुसंधान के बाद क्लियर होगा, क्यों बनाया वीडियो ?
इस पूरे मामले पर कोटा सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम का कहना है कि फिलहाल किसी ने मुकदमा दर्ज नहीं कराया है. पुलिस ने स्वतः ही एक्शन लेते हुए राज सिंह को डिटेन किया है. वह किसी संगठन से जुड़ा हुआ है या नहीं ? अभी यह खुलासा नहीं हुआ है. संबंध का अनुसंधान के बाद ही क्लियर हो पाएगा, लेकिन यह वायरल वीडियो के आधार पर एक्शन लिया है. आरोपी राज सिंह आमेरा के खिलाफ अभी तक सूचना के अनुसार पूर्व में चार मुकदमे दर्ज हैं. इसने जिस तरह के कृत्य किए हैं, जिसमें नई क्रिमिनल प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी.
राज सिंह आमेरा मूल रूप से उद्योग नगर इलाके का रहने वाला है. उसने वीडियो वायरल करते हुए स्वयं को करणी सेना का संभागीय प्रवक्ता और भाजपा कार्यकर्ता बताया है. यह भी दावा किया है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के चेंबर में घुसकर विपक्ष के सांसदों ने गाली-गलौच की है. जिस पर ही उसने यह धमकी दी है कि दोबारा अगर इस तरह की घटना की गई है तो कांग्रेस सांसदों के घर में घुसकर तोड़फोड़ करेंगे.
यह घटना राहुल गांधी के इशारे पर की गई थी. ऐसे में राहुल गांधी को घर मे घुसकर गोली मार देंगे. इसका जिम्मेदार प्रशासन होगा. हमारा प्रशासन से निवेदन है कि सभी सांसदों पर कार्रवाई होनी चाहिए. केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू का बयान आया है, जिससे हम सभी गुस्से में हैं. सांसदों की 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होती है तो हम एक-एक करके सभी 25 सांसदों को गोली मारेंगे.
नए क्रिमिनल कानून में करेंगे कार्रवाई
राज सिंह आमेरा ने कहा है कि यह वीडियो किसी और व्यक्ति ने फर्जी अकाउंट बना अपलोड किया है. इस पर एसपी गौतम का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच के बाद ही सब कुछ क्लियर हो पाएगा. यह वीडियो भी हमारी सोशल मीडिया सेल के पास आया था. नए क्रिमिनल कानून के तहत सख्त धारा में कार्रवाई करेंगे.
इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई भी की जाएगी. आरोपी भाजपा या करणी सेना से जुड़ा होने की पुष्टि हुई है क्या? इस पर एसपी गौतम का कहना है कि अभी फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है. किन-किन सांसदों को धमकी दी गई है ? इस संबंध में एसपी का कहना है कि जांच हो रही है कि यह धमकी क्यों दी व यह वीडियो क्यों बनाया है. कौन-कौन लोग उसके साथ थे. पहले यह कांग्रेस से जुड़ा था. इस संबंध में भी एसपी गौतम का कहना है कि यह फिलहाल जानकारी नहीं है.
किरण रिजिजू ने झूठ बोला और देश को गुमराह किया : वहीं, पवन खेड़ा का कहना है कि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने सार्वजनिक रूप से झूठ बोला और देश को गुमराह किया है कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का अपमान किया है. जबकि उपलब्ध वीडियो-फुटेज इस दावे का खंडन करती हैं, जिसमें ऐसा कोई अपमान दिखाई नहीं देता. इस दौरान स्पीकर ओम बिरला तो मुस्कुरा रहे थे. विपक्ष को बदनाम करने और राजनीतिक प्रतिद्वंदियों के खिलाफ हिंसा और सुनियोजित अभियान शुरू किया है. अब फिर भाजपा सांसद कह रहे हैं कि राहुल गांधी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं.
भाजपा बोली- सख्त कार्रवाई हो
भारतीय जनता पार्टी के कोटा जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने इस मामले में राज सिंह आमेरा के भाजपा कार्यकर्ता होने से इनकार कर दिया है. उनका कहना है कि भाजपा अनुशासित पार्टी है. राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम करने वाली पार्टी है. इस तरह की भाषा और आचरण हमारे नैतिक मूल्यों के सख्त खिलाफ है. भारतीय जनता पार्टी ऐसी भाषा स्वीकार नहीं करती है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग हम करते हैं.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड में पांव पसारने के लिए RJD तैयार, तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

CM हेमंत सोरेन की सोनितपुर से गर्जना, बीजेपी को बताया जहरीला सांप.. "असम से इस सांप को ही भगाना है"






