झारखंड के हजारीबाग जिले अंतर्गत विष्णुगढ़ के कुसुंभा गांव में 12 वर्षीया मासूम बच्ची के साथ हुए जघन्य दुष्कर्म और हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस बर्बर घटना को लेकर आजसू पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। आयोग ने स्वीकार किया आवेदन पार्टी के केंद्रीय महासचिव संजय मेहता ने राष्ट्रीय महिला आयोग को इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए आवेदन भेजा था। आयोग ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पत्र संख्या 2014111772158 के तहत स्वीकार कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आयोग ने इसकी जिम्मेदारी अवर सचिव शिवानी तोमर को सौंपी है।

संजय मेहता ने स्पष्ट किया कि 25 मार्च को हुई इस घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। पार्टी ने मुख्य मांगे रखी गई है कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो ताकि दोषियों को अविलंब कड़ी सजा मिले। सरकार और पुलिस प्रशासन मामले में बिना किसी ढिलाई के निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे। राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारा जाए और महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा पुख्ता की जाए। पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा आजसू पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। संजय मेहता ने कहा, "राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है। यह घटना अत्यंत बर्बर है और आजसू पार्टी न्याय मिलने तक चुप नहीं बैठेगी।" पार्टी ने राज्य सरकार पर विफल होने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि दोषियों को जल्द सजा नहीं मिली और कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल, पार्टी का पूरा ध्यान दोषियों को फांसी की सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता पहुंचाने पर है।









