जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता: 15 लाख के जेवर के साथ चोरी करते रंगे हाथ पकड़ाया शातिर चोर
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टेल्को थाना पुलिस और टैंगो मोबाइल की टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा था. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान घर के बाहर एक स्प्लेंडर बाइक खड़ी मिली और दो युवक मकान के अंदर ग्रील के पास संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए.

Jamshedpur, Jharkhand: जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टेल्को थाना पुलिस और टैंगो मोबाइल की टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्ती अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस ने एक शातिर चोर को चोरी करते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.
घटना 26 और 27 मई की रात की है. गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एलएफएस स्कूल के सामने स्थित क्वार्टर संख्या K3/158 के एक बंद मकान में दो संदिग्ध युवक बाइक लगाकर घुसे हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान घर के बाहर एक स्प्लेंडर बाइक खड़ी मिली और दो युवक मकान के अंदर ग्रील के पास संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए.
पुलिस जैसे ही अंदर पहुंची, एक युवक पीछे की ओर से भाग निकला, जबकि दूसरे युवक को कटर से ताला काटते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया. गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान शुभम कुमार उर्फ छोटू, निवासी न्यू विकास कॉलोनी, नामदा बस्ती, गोलमुरी के रूप में बताई. वहीं फरार आरोपी की पहचान मो. राजू उर्फ जीवन बनर्जी उर्फ विजय मुंडा, निवासी जुगसलाई के रूप में हुई है.
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर बिष्टुपुर, सीतारामडेरा, बागबेड़ा और टेल्को थाना क्षेत्र के कई बंद घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण, 58 हजार 130 रुपये नकद, ताला काटने के उपकरण और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. पुलिस जांच में बाइक पर लगा नंबर प्लेट भी फर्जी पाया गया.
इस मामले में टेल्को थाना कांड संख्या 76/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार पहले भी चोरी के एक मामले में आरोपी रह चुका है. इस पूरी कार्रवाई में टेल्को थाना पुलिस और टैंगो मोबाइल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
(जमशेदपुर से बिनोद केसरी की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









