स्पीड पोस्ट से हैदराबाद भेजता था गांजा, गिरिडीह के सत्यम का नारकोटिक्स विंग ने किया पर्दाफाश
पकड़े जाने से बचने के लिए इस गिरोह ने एक अनूठी योजना बनाई थी. हैदराबाद में बैठे मुख्य खरीदार के निर्देश पर सत्यम मिश्रा पार्सल के ऊपर हैदराबाद के किसी नामचीन और चर्चित डॉक्टर का नाम व पता लिख देता था.

Giridih News : नशीले पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में तेलंगाना की हैदराबाद नारकोटिक्स विंग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. नारकोटिक्स टीम ने गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरमो मोड़ के समीप छापेमारी कर अवैध गांजा कारोबार के मुख्य आरोपी सत्यम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है. रविवार को कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद हैदराबाद नारकोटिक्स विंग की टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि सत्यम मिश्रा का नेटवर्क मुंबई और हैदराबाद समेत देश के कई बड़े राज्यों में फैला हुआ था, जहां वह गांजे का बड़ा स्टॉक सप्लाई करता था.
स्थानीय पुलिस की आपत्ति के बाद कोर्ट से लिया गया ट्रांजिट रिमांड
गिरफ्तारी के बाद हैदराबाद नारकोटिक्स विंग की टीम आरोपी सत्यम मिश्रा को सीधे हैदराबाद ले जाने का प्रयास कर रही थी. हालांकि, स्थानीय डुमरी और निमियाघाट थाना पुलिस ने इस प्रक्रिया पर कानूनी आपत्ति जताई. इसके बाद नारकोटिक्स विंग के इंस्पेक्टर बाला स्वामी ने डुमरी थाना के सब-इंस्पेक्टर (SI) रामानंद के सहयोग से स्थानीय न्यायालय में आरोपी को पेश किया. कोर्ट से नियमानुसार आवश्यक ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत होने के बाद ही टीम सत्यम को लेकर हैदराबाद रवाना हुई. गौरतलब है कि सत्यम मिश्रा के खिलाफ हैदराबाद नारकोटिक्स विंग में पहले से ही दो गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.
स्पीड पोस्ट पार्सल और डॉक्टर के नाम का होता था शातिर इस्तेमाल
हैदराबाद नारकोटिक्स विंग के इंस्पेक्टर बाला स्वामी ने इस पूरे सिंडिकेट के काम करने के अनोखे और शातिर तौर-तरीकों का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि सत्यम मिश्रा पिछले कई महीनों से डाक विभाग की स्पीड पोस्ट सेवा के जरिए गांजे की खेप हैदराबाद भेज रहा था. पकड़े जाने से बचने के लिए इस गिरोह ने एक अनूठी योजना बनाई थी. हैदराबाद में बैठे मुख्य खरीदार के निर्देश पर सत्यम मिश्रा पार्सल के ऊपर हैदराबाद के किसी नामचीन और चर्चित डॉक्टर का नाम व पता लिख देता था, ताकि डाक विभाग या पुलिस को पार्सल पर कोई संदेह न हो.
पार्सल रिसीवर भी था शातिर, मुख्य गिरोह तक पहुंचने की उम्मीद
इंस्पेक्टर बाला स्वामी के अनुसार, हैदराबाद में पार्सल रिसीव करने वाला स्थानीय तस्कर भी बेहद शातिर दिमाग का है. वह पार्सल को संबंधित डॉक्टर के क्लीनिक या ठिकाने पर डिलीवर होने से पहले ही रास्ते में डाककर्मी से संपर्क कर खुद रिसीव कर लिया करता था. इस तरह यह अवैध धंधा लंबे समय से सुरक्षित रूप से संचालित हो रहा था. नारकोटिक्स विंग के अधिकारियों को पूरा भरोसा है कि अब ट्रांजिट रिमांड पर लिए गए सत्यम मिश्रा से कड़ाई से पूछताछ के बाद हैदराबाद और मुंबई में सक्रिय इस पूरे ड्रग सिंडिकेट और उसके मुख्य सरगनाओं को दबोचने में बड़ी सफलता मिलेगी.
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

लातेहार पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, कहा- हेमंत चला रहे जनविरोधी सरकार

गिरिडीह में संत कबीर के दो दिवसीय प्राकट्य महोत्सव की शुरुआत







