सदर अस्पताल में मरीज बनकर घूमते थे, उड़ा ले जाते थे बाइक, रांची पुलिस ने दबोचे गिरोह के 7 शातिर चोर
रांची की लोअर बाजार थाना पुलिस ने सदर अस्पताल और उसके आसपास के इलाकों से लगातार दोपहिया वाहन उड़ाने वाले एक अंतरजिला शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है।
Gumla: रांची की लोअर बाजार थाना पुलिस ने सदर अस्पताल और उसके आसपास के इलाकों से लगातार दोपहिया वाहन उड़ाने वाले एक अंतरजिला शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के 7 सक्रिय सदस्यों को धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपितों के पास से चोरी की चार मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। यह गिरोह अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों की गाड़ियों को निशाना बनाकर पलक झपकते ही गायब कर देता था।
गुमला और बेड़ो के रहने वाले हैं सभी सात आरोपित
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपितों की पहचान गुमला निवासी इरफान अंसारी, बेड़ो निवासी मो. कैश आलम, मोसिन राय, इमरान आलम उर्फ भालो, मो. जफरूल्ला, शाहिद राय और गुमला जिले के सिसई निवासी सैफ अंसारी उर्फ राज के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, ये सभी मिलकर एक संगठित नेटवर्क चला रहे थे और भीड़भाड़ वाली जगहों से बाइक चुराकर दूसरे जिलों में खपाने का काम करते थे।
SSP के निर्देश पर टाइगर मोबाइल और PCR का कड़ा पहरा
सिटी डीएसपी केवी रमण ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि सदर अस्पताल परिसर से लगातार दोपहिया वाहन चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन ने कड़ा रुख अपनाया और अस्पताल के संवेदनशील इलाकों में तैनात टाइगर मोबाइल, पीसीआर और माइक टीम को विशेष निगरानी व सघन चेकिंग का टास्क सौंपा। सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को निगरानी के लिए तैनात किया गया था।
अस्पताल परिसर में रेकी करते पकड़ा गया संदिग्ध
निगरानी के दौरान ही पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि सदर अस्पताल परिसर में एक संदिग्ध युवक नई बाइक चोरी करने की फिराक में रेकी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस बल ने घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया। कड़ी पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने गिरोह के बाकी 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की 4 बाइक बरामद कर लीं।
छापेमारी टीम में शामिल रहे ये पुलिस अधिकारी
इस सफल उद्भेदन में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम शामिल रही। टीम में सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार रजक, देवानंद कुमार यादव, दीपक किशोर तिवारी, सुधीर बाड़ा, रंजीत कुमार, अजय कुमार सिंह और सशस्त्र बल के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पूरे गिरोह को सलाखों के पीछे पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
गिरिडीह में सड़क निर्माण करा रही कंपनी के मुंशी को अपराधियों ने उठाया, बिहार बॉर्डर पर पुलिस की नाकेबंदी
एमिटी यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर से विधायक के बेटे की किडनैपिंग, पूरे रांची में नाकेबंदी







