गिरिडीह में सड़क निर्माण करा रही कंपनी के मुंशी को अपराधियों ने उठाया, बिहार बॉर्डर पर पुलिस की नाकेबंदी
गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र से एक सड़क निर्माण कंपनी के मुंशी का अपराधियों द्वारा अपहरण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
Giridih: गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र से एक सड़क निर्माण कंपनी के मुंशी का अपराधियों द्वारा अपहरण किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह वारदात रविवार की बताई जा रही है, लेकिन सोमवार दोपहर को स्थिति तब साफ हुई जब HN कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मी मंजेश कुमार की किडनैपिंग की पुष्टि हुई। रविवार देर रात तक जब मंजेश का कोई अता-पता नहीं चला, तब जाकर कंपनी प्रबंधन पूरी तरह हरकत में आया और पुलिस को मामले की जानकारी दी। जानकारी के अनुसार तिसरी थाना क्षेत्र के खातपोंक स्थित कर्णपुरा मोड़ के पास सुनसान इलाके से दो बाइक सवार बदमाशों ने मंजेश को जबरन अपनी बाइक पर बैठाया और फरार हो गए।
बुलेट और अपाचे की टक्कर के बाद शुरू हुआ था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को एचएन कंस्ट्रक्शन कंपनी के तीन कर्मी बुलेट गाड़ी से खातपोंक से तिसरी की ओर आ रहे थे, जिनमें मंजेश कुमार भी शामिल था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार अपाचे बाइक और बुलेट के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक, गाली-गलौज और धक्कामुक्की शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख बुलेट पर सवार कंस्ट्रक्शन कंपनी के दोनों अन्य साथी मंजेश को अकेला छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए, जबकि मंजेश कुमार उन दोनों बाइक सवार युवकों से अकेले भिड़ गया।
जबरन बाइक पर बैठाया, बिहार की ओर भागने की आशंका
साथियों के भागने के बाद अपाचे सवार दोनों बदमाशों ने अकेले पड़े मंजेश पर दबाव बनाया और उसे जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर वहां से रफूचक्कर हो गए। HN कंस्ट्रक्शन कंपनी के मैनेजर के अनुसार दोनों अपहरणकर्ता मंजेश को तिसरी के रास्ते होते हुए सीधे बिहार सीमा की ओर लेकर भागे हैं। घटना के बाद से ही मंजेश का मोबाइल बंद आ रहा है और उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है, जिससे परिजनों और कंपनी के कर्मचारियों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।
SP के निर्देश पर SDPO के नेतृत्व में छापेमारी शुरू
मामले की गंभीरता और अंतरराज्यीय सीमा से जुड़े होने को देखते हुए गिरिडीह एसपी डॉक्टर विमल कुमार ने तुरंत सख्त रुख अपनाया है। SP के निर्देश पर SDPO अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई है जो पूरे मामले की तफ्तीश में जुट गई है। बताते चलें कि तिसरी के सिद्धू कान्हू मोड़ से भोक्ताडीह होते हुए अन्य मार्गों तक सड़क चौड़ीकरण और निर्माण का कार्य एचएन कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें मंजेश कुमार मुंशी के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहा था। पुलिस की टीमें बिहार से सटे रास्तों पर नाकेबंदी कर अपहृत मुंशी की सुरक्षित बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
मां के इलाज के लिए हैदराबाद रवाना हुए CM हेमंत सोरेन
एमिटी यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर से विधायक के बेटे की किडनैपिंग, पूरे रांची में नाकेबंदी







