मंत्री के निधन के बाद बदला CM का प्लान, गुवा शहीद दिवस में केवल 40 मिनट रुकेंगे हेमंत सोरेन ; सभी बड़े कार्यक्रम रद्द!
झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और झामुमो के कद्दावर नेता सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन के कारण मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 8 सितंबर को होने वाले गुवा शहीद दिवस दौरे में बड़ा बदलाव किया गया है।

Ranchi: झारखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और झामुमो के कद्दावर नेता सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन के कारण मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 8 सितंबर को होने वाले गुवा शहीद दिवस दौरे में बड़ा बदलाव किया गया है। शोक की इस घड़ी को देखते हुए मुख्यमंत्री का यह दौरा अब पूरी तरह संक्षिप्त और सादगीपूर्ण रहेगा। गुवा मैदान में आयोजित होने वाली विशाल श्रद्धांजलि सभा, परिसंपत्ति वितरण और अन्य सभी सार्वजनिक व भव्य आयोजनों को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री अब केवल गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों को नमन करने पहुंचेंगे।
हेलीकॉप्टर से 1 बजे उतरेंगे, 40 मिनट में पूरा होगा दौरा
पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से सोमवार को जारी आधिकारिक संयुक्त आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री का नया कार्यक्रम तय कर दिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 8 सितंबर को दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर रांची के स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर द्वारा उड़ान भरेंगे और दोपहर ठीक 1 बजे गुवा सेल हेलीपैड पर लैंड करेंगे। इसके तुरंत बाद वे सड़क मार्ग से गुवा बाजार स्थित ऐतिहासिक शहीद स्थल के लिए रवाना होंगे।
शहीद स्थल और बिरसा चौक पर करेंगे माल्यार्पण
निर्धारित मिनट टू मिनट शेड्यूल के मुताबिक मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर शहीद स्थल पहुंचेंगे और गुवा गोलीकांड के अमर वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर शहीद स्थल से प्रस्थान कर 1 बजकर 25 मिनट पर वे सीधे गुवा स्थित बिरसा चौक पहुंचेंगे और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर मुख्यमंत्री वापस गुवा सेल हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां उन्हें जिला पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद 1 बजकर 40 मिनट पर मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से वापस रांची के लिए उड़ान भरेंगे।
प्रशासन और पुलिस ने कसी कमर, छावनी में तब्दील हुआ रूट
दौरे की अवधि भले ही संक्षिप्त कर दी गई हो, लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद है। सेल हेलीपैड से लेकर गुवा बाजार शहीद स्थल और बिरसा चौक तक के पूरे मार्ग पर चप्पे चप्पे पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और VVIP मूवमेंट को लेकर वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी पूरे रूट की खुद निगरानी कर रहे हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






