गैस सिलेंडर बुकिंग के नाम पर करते थे ठगी, गिरिडीह में दो शातिर साइबर ठग गिरफ्तार
गिरिडीह साइबर थाना पुलिस ने गैस सिलेंडर बुकिंग के नाम पर व्हाट्सएप के जरिए फर्जी लिंक भेजकर लोगों से ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और पांच सिम कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।

Giridih: गिरिडीह की साइबर थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दो ऐसे शातिर साइबर अपराधियों को धर दबोचा है, जो लोगों को ठगने का एक नया और अनोखा पैंतरा अपना रहे थे। शुक्रवार को साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया। पकड़े गए आरोपियों में बिरनी थाना क्षेत्र के बेघरवाटांड गांव का रहने वाला छोटू मंडल और अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिकसोरिया गांव का संतोष मंडल शामिल हैं।
गैस सिलेंडर बुकिंग का भेजते थे फर्जी लिंक
थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने बताया कि दोनों आरोपी आपस में मिलकर साइबर अपराध का नेटवर्क चला रहे थे। इनकी ठगी का अंदाज काफी शातिराना था। ये सबसे पहले लोगों के व्हाट्सएप (WhatsApp) नंबर पर गैस सिलेंडर बुक करने का एक फर्जी लिंक भेजते थे। जैसे ही कोई सीधा-साधा व्यक्ति उस लिंक को असली समझकर उस पर क्लिक करता या अपनी जानकारी भरता, ये शातिर तुरंत उनके बैंक खाते से पैसे उड़ा लेते थे।
5 मोबाइल और सिम जब्त, एक आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन दोनों अपराधियों के पास से 5 मोबाइल फोन और 5 सिम कार्ड जब्त किए हैं। पुलिस की पड़ताल में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी संतोष मंडल कोई नया खिलाड़ी नहीं है, बल्कि वह पहले भी साइबर क्राइम के ही मामले में जेल की हवा खा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर से छोटू मंडल के साथ मिलकर इस धंधे को शुरू कर दिया था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने अब तक कितने लोगों को चूना लगाया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









