UPSC Result 2025: झारखंड के दुमका की बेटी सुदीपा दत्ता ने यूपीएससी में 41वां रैंक हासिल कर इतिहास रच दिया. उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. लोगों से मिलने वाली शुभकामनाओं का फिलहाल तांता लगा हुआ है. वह मूल रूप से कुमड़ाबाद की रहने वाली हैं. उनके पिता सच्चिदानंद दत्ता डाकघर में पोस्टमास्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां पंपा दत्ता गृहिणी हैं. साधारण परिवार से आने वाली सुदीपा ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है.
तीसरे प्रयास में मिली भारी सफलता
जानकारी के मुताबिक यह सुदीपा का तीसरा प्रयास था. इससे पहले वह एक बार साक्षात्कार (इंटरव्यू) तक पहुंच चुकी थीं, लेकिन कुछ अंकों से अंतिम सूची में जगह बनाने से चूक गयी थीं. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और निरंतर तैयारी जारी रखी. आखिरकार इस बार उन्होंने शानदार सफलता हासिल कर ली.
बांका के सेंट जोसेफ स्कूल से की शुरुआती पढ़ाई
सुदीपा की प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ स्कूल, बांका से हुई. इसके बाद उन्होंने सिदो-कान्हू हाई स्कूल, दुमका से 12वीं की पढ़ाई पूरी की. स्नातक की पढ़ाई उन्होंने ए एंड कॉलेज, दुमका से की. खास बात यह है कि उन्होंने दुमका में रहकर ही यूपीएससी की तैयारी की.
JPSC में भी प्राप्त कर चुकी हैं सफलता
तैयारी के दौरान सुदीपा राजकीय पुस्तकालय, दुमका में नियमित रूप से अध्ययन करती थीं. यहां आयोजित ग्रुप डिस्कशन और मॉक टेस्ट में सक्रिय रूप से भाग लेकर उन्होंने अपनी तैयारी को मजबूत बनाया. उनकी सफलता यह साबित करती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ निश्चय और मेहनत से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है. इससे पहले भी सुदीपा का चयन झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के माध्यम से सीडीपीओ पद के लिए भी हो चुका है. उनके परिवार, मित्रों और शिक्षकों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.








