प्रदेश की कानून व्यवस्था पर UP के मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों के दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
आगामी दिनों में धनतेरस, अयोध्या दीपोत्सव, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई-दूज, देवोत्थान एकादशी, वाराणसी देव दीपावली और छठ महापर्व जैसे विशेष त्योहार हैं. शांति, सुरक्षा और सुशासन के दृष्टिगत यह समय संवेदनशील है. पिछले अनुभवों से सीख लें.

Naxatra News Hindi
Lucknow: आगामी पर्व त्यौहारों की तैयारियों को लेकर आज शुक्रवार (10 अक्तूबर 2025) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मौके में शासन के वरिष्ठ अधिकारी, समस्त मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक (जोन), समस्त पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक आदि वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए.
इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, सतत संवाद और सभी वर्गों से मिल रहे सहयोग का ही परिणाम है कि हाल के वर्षों में प्रदेश में सभी पर्व-त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो रहे हैं. रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, दुर्गापूजा, दशहरा सहित हर पर्व एवं त्योहार पर प्रदेश में सुखद माहौल रहा. बेहतर टीमवर्क और जनसहयोग का यह क्रम सतत जारी रखा जाए. आगामी दिनों में धनतेरस, अयोध्या दीपोत्सव, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई-दूज, देवोत्थान एकादशी, वाराणसी देव दीपावली और छठ महापर्व जैसे विशेष त्योहार हैं. शांति, सुरक्षा और सुशासन के दृष्टिगत यह समय संवेदनशील है. पिछले अनुभवों से सीख लें. पर्व एवं त्योहारों के इस समय में पुलिस और प्रशासन सहित पूरी टीम यूपी को 24X7 अलर्ट रहना होगा.
सभी पर्व शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए स्थानीय जरूरतों को देखते हुए सभी आवश्यक प्रबन्ध किए जाएं. चिह्नित उपद्रवियों/अराजक तत्वों को पाबंद करें. माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता की जाए.यह हर्ष और उल्लास का समय है, इसमें उपद्रव स्वीकार नहीं किया जा सकता. सोशल मीडिया पर चौकसी बढ़ाएं. यहां फेक अकाउंट बनाकर माहौल खराब करने वालों, अफवाह तथा फेक न्यूज प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए.दीपावली के अवसर पर माता लक्ष्मी और मां काली की प्रतिमा स्थापना की भी परंपरा है प्रतिमा स्थापना कराने वाली संस्थाओं/समितियों से संवाद करें. प्रतिमाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हों, जिससे किसी भी सम्भावित दुर्घटना को रोका जा सके. संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होनी चाहिए.दीपावली से पहले अलग-अलग समुदाय के धर्माचार्यों और पीस कमेटी के साथ संवाद-समन्वय बना लें. धनतेरस/दीपावली के अवसर पर हर आय वर्ग का परिवार कुछ न कुछ खरीदारी करता है. बाजारों में चहल-पहल अधिक होगी.
इस बीच सभी जिलाधिकारी और जिला पुलिस प्रमुख यह सुनिश्चित करें कि कहीं से भी व्यापारियों के उत्पीड़न की शिकायत न आए. व्यवस्था बनाने में उनका सहयोग लें और उन्हें अपेक्षित सहयोग दें. दीपावली के लिए पटाखों की दुकानों/गोदामों का आबादी से दूर होना सुनिश्चित कराएं.जहां पटाखों का क्रय-विक्रय हो, वहां फायर टेण्डर के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं. पुलिस बल की सक्रियता भी बनी रहे.पटाखों की दुकानें खुले स्थान पर होंइन्हें लाइसेंस/एनओसी समय से जारी कर दिया जाए. पटाखों के अवैध भंडारण पर कठोर कार्रवाई की जाए. पर्व और त्योहार खुशियों का अवसर होते हैं. हर व्यक्ति उल्लास-उमंग और आह्लाद में होता है. शरारती तत्व दूसरे सम्प्रदाय के लोगों को अनावश्यक उत्तेजित करने की कुत्सित कोशिश कर सकते हैं, ऐसे मामलों पर नजर रखें.हर नगर की जरूरत के अनुसार ट्रैफिक प्लान तैयार करें. यह सुनिश्चित करें कि बाजार आने वाले लोग ट्रैफिक जाम में न फंसें. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए. हर दिन सायंकाल पुलिस बल फुट पेट्रोलिंग जरूर करे, पीआरवी-112 एक्टिव रहे.
छोटी सी घटना लापरवाही के कारण बड़े विवाद का रूप ले सकती है, ऐसे में अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक है. त्वरित कार्रवाई और संवाद-संपर्क अप्रिय घटनाओं को संभालने में सहायक होता है.किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर बिना विलंब किए, जिलाधिकारी/पुलिस अधीक्षक जैसे वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे. संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी लीड करें. अयोध्या दीपोत्सव और वाराणसी में देव-दीपावली, इन दोनों ही महत्वपूर्ण आयोजनों में सेफ्टी-सिक्योरिटी और क्राउड मैनेजमेंट की व्यवस्था पहले से और अच्छी होनी चाहिए.'दीपोत्सव' और 'देव दीपावली' की गरिमा के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं. सभी पर्व एवं त्योहार ‘स्वच्छता और सुरक्षा’ के मानक पर आयोजित किए जाएं. छठ महापर्व पर पूजा/अनुष्ठान के दौरान पूरे प्रदेश में स्वच्छता का माहौल हो, इसके लिए नगर विकास और पंचायती राज विभाग द्वारा विशेष प्रयास किए जाएं. लोगों की आस्था का यथोचित सम्मान करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि नदियां/जलाशय दूषित न हो. नदी/जलाशय के घाटों की साफ-सफाई करा लें और ट्रैफिक प्रबंधन भी किया जाए. पूरे प्रदेश में रोस्टर के अनुरूप विद्युत आपूर्ति हो.
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन द्वारा इस सम्बन्ध में आवश्यक तैयारी कर ली जाए. आपातकालीन स्वास्थ्य एवं ट्रॉमा सेवाएं अनवरत रूप से चलती रहनी चाहिए. गांव हो या नगर हर जगह चिकित्सकों की सुलभ उपलब्धता होनी चाहिए. मिलावटखोरी आमजन के जीवन से खिलवाड़ है पर्व-त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की जांच की कार्रवाई तेज की जाए, किन्तु जांच के नाम पर उत्पीड़न का प्रयास नहीं होना चाहिए. थाना, सर्किल, जिला, रेंज, जोन, मंडल स्तर पर तैनात वरिष्ठ अधिकारीगण अपने-अपने क्षेत्र में समाज के प्रतिष्ठितजन के साथ संवाद बनाएं. मीडिया का सहयोग लें, ताकि शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे. इंटेलिजेंस को और बेहतर करने का प्रयास हो. सरकार द्वारा समन्वित रूप से किए गए प्रयासों से आज प्रदेश में सीसीटीवी का व्यापक कवरेज मौजूद है. यह अपराध के अनावरण में बड़ी भूमिका निभाते हैं. साथ ही, अपराधों को होने से रोकने में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. ऐसे में सभी सीसीटीवी सही हों, यह सुनिश्चित किया जाए. पर्व एवं त्योहारों के अवसर पर प्रदेश के प्रत्येक जनपद में स्वदेशी मेलों का आयोजन किया जा रहा है.
यह मेले प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों तथा हस्तशिल्पियों के उत्पादों तथा हुनर को प्रोत्साहित करने का एक मंच हैं. ऐसे में लोगों को स्वदेशी उत्पादों की खरीद के प्रति प्रेरित किया जाए. हर जनपद में प्रमुख मार्गों पर स्पाइरल लाइट्स लगायी जाएं. यह जनपद की अलग पहचान बनेंगी तथा आम जनमानस में सकारात्मक भाव उत्पन्न होगा. आगामी 12 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा है. इसमें 06 लाख से अधिक परीक्षार्थी भाग ले रहे हैं. लोक सेवा आयोग के साथ समन्वय बनाते हुए स्थानीय प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करें. युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी जहरीली शराबकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, UP से जहर भेजने वाला सप्लायर अरेस्ट

Ranchi में फर्जी सेना अधिकारी गिरफ्तार: भर्ती के नाम पर कर चुका है 70 लाख ठगी







