सड़क सुरक्षा के लिए अनोखी पहल, बिना हेलमेट चालकों को पहनाई गई फूलों की माला
सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को पलामू जिला प्रशासन द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

Medininagar PALAMU सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को पलामू जिला प्रशासन द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत छः मुहान चौक, शाहपुर बस एवं टेम्पो स्टैंड, बैरिया चौक तथा रेडमा चौक पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। कलाकारों ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनसे बचाव के उपायों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की सबसे खास पहल बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले और ट्रिपल राइडिंग करने वाले दोपहिया चालकों को फूलों की माला पहनाकर जागरूक करना रहा। इस दौरान उन्हें संदेश दिया गया कि यदि वे अपनी सुरक्षा के प्रति लापरवाह रहेंगे और हेलमेट का उपयोग नहीं करेंगे, तो भविष्य में उनकी तस्वीर पर ही माला चढ़ानी पड़ सकती है। इस प्रतीकात्मक संदेश ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा सेल के सदस्यों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव तथा अन्य यातायात नियमों की जानकारी दी। साथ ही नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं और उनके गंभीर परिणामों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
सड़क सुरक्षा सेल के प्रबंधक विनीत कुमार ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित यातायात व्यवस्था के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन अनमोल है और इसे लापरवाही के कारण जोखिम में नहीं डालना चाहिए।
यह अभियान लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पंचायत के विकास को मिलेगी नई गति, जनप्रतिनिधियों ने सौंपा ज्ञापन

Shibu Soren Padma Bhushan : 'गुरुजी' को तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान, कल्पना सोरेन हुईं भावुक







