अंधा मोड़ और गहरा गड्ढा!, गोड्डा ललमटिया सदर बाजार में मौत को दावत दे रही सड़क, ECL के टेंडर के बाद भी काम ठप
गोड्डा जिले के ललमटिया सदर बाजार की मुख्य सड़क इन दिनों पूरी तरह बदहाली के आंसू रो रही है।


Godda: गोड्डा जिले के ललमटिया सदर बाजार की मुख्य सड़क इन दिनों पूरी तरह बदहाली के आंसू रो रही है। सबसे खतरनाक स्थिति सड़क के मुख्य टर्निंग प्वाइंट पर बनी हुई है, जहां बीचों-बीच एक बड़ा और गहरा गड्ढा उभर आया है। यह गड्ढा यहां से गुजरने वाले राहगीरों, बाइक सवारों और चार पहिया वाहन चालकों के लिए हर वक्त किसी बड़े खतरे की तरह मुंह बाए खड़ा है। स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि सड़क की हालत काफी लंबे समय से खस्ताहाल है, लेकिन जिम्मेदार महकमे की चुप्पी से लोगों में गहरा आक्रोश है।
अंधा मोड़ और बीच सड़क पर जानलेवा गड्ढा
सड़क के ठीक मोड़ पर गड्ढा होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी तेज रफ्तार वाहनों को होती है। घुमावदार मोड़ होने की वजह से सामने से अचानक आ रहे दूसरे वाहनों का सही अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसे में गड्ढे से बचने के चक्कर में वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं और सीधे आमने-सामने की टक्कर का खतरा बन जाता है। रात के अंधेरे में तो इस जगह से गुजरना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होता, जहां दोपहिया सवार अक्सर फिसलकर गिरते-पड़ते रहते हैं।
ECL का टेंडर जारी, फिर भी अधर में लटका निर्माण कार्य
इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व जिला परिषद सदस्य रामजी साह ने भी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क के जीर्णोद्धार और पक्के निर्माण को लेकर ईसीएल (ECL) परियोजना प्रबंधन की ओर से औपचारिक रूप से टेंडर निकाला जा चुका है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद महीनों बीत जाने के बाद भी धरातल पर निर्माण कार्य का एक पत्थर तक नहीं रखा गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी निराशा है।
ठेकेदारों की आपसी लड़ाई का खामियाजा भुगत रही जनता
पूर्व जिला परिषद सदस्य ने आरोप लगाते हुए कहा कि संवेदकों (ठेकेदारों) के बीच आपसी वर्चस्व और खींचतान की वजह से निर्माण का काम पूरी तरह अटका हुआ है। ठेकेदारों की इस आपसी तनातनी की भारी कीमत आम जनता, स्थानीय व्यापारियों और रोज सफर करने वाले निर्दोष मुसाफिरों को चुकानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और ईसीएल के आला अधिकारियों से मांग की है कि आपसी विवाद को जल्द सुलझाकर सड़क निर्माण का काम तुरंत शुरू कराया जाए, ताकि किसी की जान जाने से पहले इस जानलेवा गड्ढे से निजात मिल सके।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

लातेहार में अपराधियों ने मगध कोलियरी में ऑपरेटर को मारी गोली, अमन साहू गैंग का छोड़ा पर्चा

वोट लिया और भूल गए!, चतरा के कई मोहल्लों में कमरों तक पहुंचा गंदा पानी, कबाड़ बन रहीं नगर परिषद की गाड़ियां







