लातेहार में अपराधियों ने मगध कोलियरी में ऑपरेटर को मारी गोली, अमन साहू गैंग का छोड़ा पर्चा
लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है।


Latehar: लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। मगध कोलियरी के तहत चमातु स्थित 22 नंबर कांटा पर बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब डेढ़ बजे हथियारों से लैस चार नकाबपोश अपराधियों ने धावा बोल दिया। बेखौफ अपराधियों ने वहां ड्यूटी पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण उरांव को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली अरुण के पैर में लगी, जिससे वह लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात के बाद हमलावर दहशत फैलाने के मकसद से मौके पर पर्चा छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
आधी रात का सन्नाटा और गोलियों की गूंज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब डेढ़ बजे जब कांटा पर सामान्य कामकाज चल रहा था, तभी चार अज्ञात हमलावर अचानक आ धमके। उन्होंने सीधे कांटा घर को निशाना बनाया और फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में 30 वर्षीय कंप्यूटर ऑपरेटर अरुण उरांव गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वह शेरेगड़ा गांव के रहने वाले हैं और उनके पिता का नाम रामकुमार उरांव है। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना में अपराधियों की गोलियों से कांटा घर में रखा कंप्यूटर और प्रिंटर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गंभीर हालत में रिम्स रेफर, ट्रांसपोर्टिंग का चक्का पूरी तरह जाम
वारदात के तुरंत बाद घायल ऑपरेटर को आनन-फानन में बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत रांची रिम्स रेफर कर दिया। इस खूनी वारदात के बाद इलाके में भारी दहशत का माहौल बन गया है और कांटा से होने वाला कोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम पूरी तरह ठप हो गया है। इस कांटा से जय अम्बे जीआरएल कंपनी का ट्रांसपोर्टिंग कार्य संचालित होता था और गाड़ियां बालूमाथ साइडिंग जाती थीं, लेकिन गोलीबारी के बाद गाड़ियां जहां-तहां खड़ी हो गईं।
राहुल दुबे-अमन साहू गैंग का पर्चा, खनन कंपनी को खुली धमकी
अपराधियों ने भागने से पहले मौके पर राहुल दुबे और अमन साहू गैंग के नाम का पर्चा फेंका है। इस पर्चे में इलाके में कोयला खनन का काम कर रही भीपीआर कंपनी को खुली धमकी देते हुए काम करने से पहले गिरोह से हिसाब-किताब और मैनेज करने की बात कही गई है। घटना की खबर मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा देर रात ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। थाना प्रभारी ने घटनास्थल से पर्चा बरामद होने की पुष्टि की है और बताया कि हमलावरों की धरपकड़ के लिए इलाके की घेराबंदी कर सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

अंधा मोड़ और गहरा गड्ढा!, गोड्डा ललमटिया सदर बाजार में मौत को दावत दे रही सड़क, ECL के टेंडर के बाद भी काम ठप

वोट लिया और भूल गए!, चतरा के कई मोहल्लों में कमरों तक पहुंचा गंदा पानी, कबाड़ बन रहीं नगर परिषद की गाड़ियां







