शादी के दो दिन बाद बाजार से गहने लेकर रफूचक्कर हो गई लुटेरी दुल्हन, डेढ़ लाख लेकर बिचौलिये ने कराई थी शादी
एक गरीब परिवार को शादी के नाम पर ठगा और डेढ़ लाख रुपए लेकर फरार हो गई. मामला एक बार फिर लुटेरी दुल्हन से जुड़ा प्रकाश में आया है.

Chhatarpur, Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में एक बार फिर लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है, जहां एक गरीब परिवार को शादी के नाम पर ठगी का शिकार बनाया गया. सिविल लाइन थाना क्षेत्र की दुर्गा कॉलोनी में रहने वाले मनोज अहिरवार के साथ हुई इस धोखाधड़ी ने पूरे परिवार को सड़क पर ला खड़ा किया है.
शादी के दो दिन बाद ही वारदात
पीडि़त मनोज अहिरवार (मूल निवासी ग्राम सैला) की शादी बीते 24 अप्रैल 2026 को जटाशंकर धाम में आकांक्षा नाम की युवती से हुई थी. यह विवाह पड़ोस में रहने वाले विक्की सेन नामक बिचौलिये ने लगभग डेढ़ लाख रुपए लेकर तय कराया था. शादी के बाद परिवार खुशी-खुशी अपने पैतृक गांव सैला चला गया था, जहाँ वैवाहिक रस्में पूरी की जा रही थीं.
बाजार जाने के बहाने हुई फरार
ठगी की पटकथा 26 अप्रैल को लिखी गई, जब दुल्हन आकांक्षा ने साड़ी खरीदने की इच्छा जताई. पति मनोज, बिचौलिया विक्की सेन और एक अन्य साथी आकाश प्रजापति उसे महाराजपुर बाजार ले गए. बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर दुल्हन गहने और कीमती सामान समेटकर वहां से चंपत हो गई. चौंकाने वाली बात यह है कि दुल्हन के साथ-साथ बिचौलिया विक्की और आकाश भी मौके से गायब हो गए.
पीडि़त पति मनोज ने जब बिचौलिये विक्की सेन को फोन लगाया, तो उसने पैसे लौटाने के बजाय गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. मनोज के पिता अच्छेलाल अहिरवार ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि हमने अपना घर गिरवी रखकर बेटे की शादी के लिए पैसे जुटाए थे. हमें क्या पता था कि हमारे साथ ऐसा धोखा होगा. अब न पैसा बचा है और न ही बहू. पीडि़त परिवार ने सिविल लाइन थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लूटे गए जेवरात व पैसे वापस दिलाने की मांग की है.
Report By - Ashok Soni
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे राणा राहुल के घर चिपकाया इश्तहार

बिहार में शराबबंदी का हाल बेहाल! लाखों का विदेशी माल, अधिकारी भी हो गए हैरान!







