गुमला में दर्दनाक हादसा, झूलते बिजली तार की चपेट में आने से गई युवक की जान
झारखंड के गुमला जिले के घाघरा प्रखंड में झूलते बिजली तार की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया और मुआवजा व कार्रवाई की मांग की।

गुमला जिले के घाघरा प्रखंड के तारागुड्डू गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। खेत में काम कर रहे 27 वर्षीय वीरेंद्र उरांव की खुले और नीचे झूल रहे बिजली तार की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया, जबकि परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
पिता के साथ खेत में कर रहा था काम, तभी हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र उरांव अपने पिता राम उरांव के साथ खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान खेत के पास लगे बिजली पोल का तार नीचे की ओर झूल रहा था। काम करते समय वीरेंद्र का संपर्क खुले बिजली तार से हो गया और तेज करंट लगने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से तार नीचे लटक रहा था, लेकिन शिकायत के बावजूद इसे ठीक नहीं किया गया।
शव के साथ सड़क जाम, डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित
हादसे से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने वीरेंद्र के शव के साथ घाघरा-चांदनी चौक मुख्य पथ को जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन ने दिया सहायता और मुआवजे का भरोसा
सड़क जाम की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर सरकारी प्रावधानों के तहत हरसंभव सहायता और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और यातायात सामान्य हो सका।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









