धनबाद होकर चलेगी तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस, यात्रियों को मिली बड़ी राहत
हर सप्ताह धनबाद और बोकारो से होकर गुजरेगी ट्रेन, टिकट बुकिंग शुरू होने से यात्रियों में उत्साह


धनबाद,झारखंड । झारखंड और बिहार के लोगों के लिए रेलवे ने एक नई सुविधा शुरू की है। अब तिरुपति और रक्सौल के बीच चलने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन धनबाद होकर भी गुजरेगी। इससे उन यात्रियों को काफी राहत मिलेगी जो दक्षिण भारत की यात्रा के लिए पहले कई ट्रेनों के सहारे सफर पूरा करते थे।
रेलवे के इस फैसले से खासकर धनबाद, बोकारो, रांची और आसपास के इलाकों के यात्रियों को फायदा होगा। धार्मिक यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ नौकरी, शिक्षा और व्यापार के सिलसिले में दक्षिण भारत जाने वाले लोगों को भी बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।
कब और कितने बजे चलेगी ट्रेन?
तिरुपति से रक्सौल जाने वाली ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी और इसकी शुरुआत 1 जून से हो गई हैं | रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को सुबह 8:15 बजे तिरुपति से रवाना होगी और लगभग 56 घंटे 45 मिनट की यात्रा के बाद बुधबार को शाम 5 बजे रक्सौल पहुंचेगी। यह ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस अगले दिन अपनी वापसी यात्रा सुबह 3:15 बजे रक्सौल से खुलेगी और तीसरे सुबह 9:30 बजे तिरुपति पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
ट्रेन का ठहराव धनबाद, चंद्रपुरा, बोकारो स्टील सिटी, मुरी, रांची, हटिया, राउरकेला, झारसुगुड़ा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इसके अलावा बिहार के कई महत्वपूर्ण शहर भी इस रेल सेवा से जुड़ेंगे। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
यात्रियों के लिए क्या होंगी सुविधाएं?
ट्रेन में एसी और स्लीपर दोनों श्रेणियों के कोच उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा सामान्य श्रेणी के डिब्बे भी लगाए जाएंगे ताकि हर वर्ग के यात्री अपनी जरूरत और बजट के अनुसार यात्रा कर सकें। रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे
टिकट बुकिंग शुरू
रेलवे ने इस ट्रेन के लिए आरक्षण प्रक्रिया शुरू कर दी है। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या नजदीकी आरक्षण केंद्र से टिकट बुक करा सकते हैं। नई सेवा की घोषणा के बाद यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है और शुरुआती दिनों की सीटों की मांग भी बढ़ने लगी है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









