पेड़ से बांधकर जिंदा जलाया, 54 दिन बाद टूटी सांसें, चंडीगढ़ में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की दर्दनाक मौत ; लिव-इन पार्टनर पर...
चंडीगढ़ की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की 54 दिन तक इलाज के बाद मौत हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।

Chandigarh: अपने लिव-इन पार्टनर और उसके साथी की खौफनाक हैवानियत का शिकार हुईं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर ने 54 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद शनिवार को चंडीगढ़ के अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस जांच में यह दर्दनाक खुलासा भी हुआ है कि मनजीत कौर 7 सप्ताह की गर्भवती थीं। पूर्व पति से तलाक होने के बाद उनका 7 साल का बेटा अपने पिता के साथ रहता है, जबकि मनजीत मुख्य आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं। मौत की पुष्टि के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं।
शराब ठेके के पास बुलाकर किडनैप किया, पेड़ से बांधकर लगाई थी आग
यह दिल दहला देने वाली वारदात 3 जुलाई की है। जानकारी के मुताबिक, दोनों नामजद आरोपियों—शुभी और पिंडा ने मनजीत को पहले एक शराब की दुकान के पास बुलाया। इसके बाद दोनों ने जबरन उन्हें कार में बैठाकर अगवा कर लिया और मोरिंडा के एक सुनसान इलाके में ले गए। वहां आरोपियों ने मनजीत को शहतूत के पेड़ से बांध दिया, बेरहमी से पीटा और फिर जिंदा आग के हवाले कर दिया। आग की लपटें देख मौके पर पहुंची मनजीत की एक सहेली ने ग्रामीणों की मदद से आग बुझाई और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
मोरिंडा से मैक्स और फिर PGI रेफर, गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं पीड़िता
गंभीर हालत को देखते हुए मनजीत कौर को मोरिंडा के प्राथमिक अस्पताल से पहले मोहाली के मैक्स अस्पताल और बाद में हालत नाजुक होने पर पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था। खरड़ सदर थाने के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पीड़िता आग में बुरी तरह झुलस चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची थी और सेक्टर 34 निवासी पीड़िता की मां और परिजनों से विस्तृत बातचीत की थी।
आरोपियों के खिलाफ हत्या और अपहरण का मुकदमा, पुलिस की छापेमारी जारी
खरड़ सदर थाना पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी शुभी और पिंडा के खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएचओ गुरप्रीत सिंह के अनुसार, वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

क्या आपकी प्लेट में तो नहीं पहुंच रही प्रतिबंधित थाई मांगुर?, ऐसे रहें सतर्क

भूकंप नहीं तो फिर क्या था?, नेपाल की विनाशकारी बाढ़ के पीछे सामने आया चौंकाने वाला शक







