गिरिडीह के पचम्बा थाने में नाबालिग छात्रा से छेड़खानी पर देर रात भारी बवाल, दो पक्ष भिड़े ; पुलिस ने लाठियां भांजकर खदेड़ा
गिरिडीह शहर के पचम्बा थाना परिसर में गुरुवार की देर रात उस वक्त स्थिति बेहद विस्फोटक हो गई, जब नाबालिग हिंदू छात्रा के साथ हुई छेड़खानी की शिकायत को लेकर दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
Giridih: गिरिडीह शहर के पचम्बा थाना परिसर में गुरुवार की देर रात उस वक्त स्थिति बेहद विस्फोटक हो गई, जब नाबालिग हिंदू छात्रा के साथ हुई छेड़खानी की शिकायत को लेकर दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। थाने के भीतर ही दोनों गुटों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हुई जो देखते ही देखते हाथापाई और धक्का-मुक्की में तब्दील हो गई। थाने में बढ़ते उपद्रव और बिगड़ते हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठियां भांजनी पड़ीं, तब जाकर परिसर से उपद्रवियों को बाहर खदेड़ा जा सका।
फोन-मैसेज पर तंग कर रहा था अयान उर्फ दबंग, थाने पहुंचते ही भिड़े दोनों गुट
पूरे विवाद की जड़ पचम्बा की रहने वाली एक नाबालिग हिंदू छात्रा से जुड़ी है। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, इलाके का ही युवक अयान उर्फ 'दबंग' उसे लगातार फोन और आपत्तिजनक मैसेज भेजकर परेशान कर रहा था। विरोध करने पर छात्रा के एक परिचित छात्र के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने की बात भी सामने आई। इसी शिकायत को लेकर छात्रा अपनी मां और भाजपा नेता सह वार्ड पार्षद संजीव सिंह गुड्डू के साथ पचम्बा थाने पहुंची थी।
पीड़िता के थाने पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी युवक अयान के समर्थन में वार्ड नंबर-2 के पार्षद मोहम्मद लालो राइन भी अपने दर्जनों समर्थकों के साथ थाने आ धमके। बताया जाता है कि आरोपी युवक पार्षद लालो राइन का नजदीकी रिश्तेदार है। थाने के भीतर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई और पार्षद लालो राइन द्वारा कार्रवाई का विरोध करने पर माहौल पूरी तरह गरमा गया।
भाजपा और आजसू नेताओं का थाने में जमावड़ा, लाठीचार्ज के बाद तनाव
मामले की सूचना मिलते ही भाजपा और आजसू के तमाम दिग्गज नेता पचम्बा थाने पहुंच गए। छात्रा और उसके परिवार के समर्थन में भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिन्हा, वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश यादव, आजसू नेता कम्पू यादव, संदीप डांगीच, हरमिंदर सिंह बग्गा और कुंदन सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता जुट गए। दोनों पक्षों के बीच थाने के भीतर ही झड़प शुरू हो गई। स्थिति हाथ से निकलती देख ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सख्ती बरती और लाठीचार्ज कर भीड़ को थाने की बाउंड्री से बाहर खदेड़ दिया।
DSP की मौजूदगी में देर रात तक चली मैराथन बैठक
घटना की नजाकत और सांप्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी रूपेंद्र कुमार राणा और पुलिस इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन भारी पुलिस बल के साथ पचम्बा थाना पहुंचे। थाना प्रभारी राजीव कुमार की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और भाजपा-आजसू नेताओं के बीच स्वागत कक्ष में बंद कमरे में आपात बैठक शुरू हुई। बैठक में भाजपा नेताओं ने तीखी नाराजगी जताते हुए कहा कि शहर में मनचलों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब आम नागरिक और कार्यकर्ता भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। नेताओं ने दो टूक मांग रखी कि मनचले अयान उर्फ दबंग, उसके पिता मोहम्मद आजम और थाने में आकर गुंडागर्दी करने व आरोपियों को खुला संरक्षण देने वाले सभी लोगों पर त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
SP का भरोसा: कानून से ऊपर कोई नहीं, दर्ज होगी प्राथमिकी
DSP रूपेंद्र कुमार राणा ने आक्रोशित नेताओं और परिजनों को भरोसा दिलाया कि नाबालिग छात्रा की लिखित शिकायत पर पोक्सो व अन्य गंभीर धाराओं में तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि आरोपी चाहे कितना भी रसूखदार हो या किसी का भी रिश्तेदार हो, कानून से बच नहीं पाएगा और नामजद आरोपियों की फौरन गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस के इस ठोस आश्वासन के बाद देर रात करीब एक बजे भाजपा-आजसू नेता और उनके समर्थक थाना परिसर से बाहर निकले। एहतियात के तौर पर पचम्बा इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
साइबर ठगी के पैसे का रास्ता रोकने की तैयारी, धनबाद पुलिस ने बैंक अधिकारियों के साथ बनाई रणनीति
मनोहरपुर में 5 सितंबर से रुकेगी एर्नाकुलम एक्सप्रेस, सांसद जोबा माझी दिखाएंगी हरी झंडी







