राज्य ने खो दिया एक कर्मठ साथी, गिरिडीह पहुंचे CM हेमंत सोरेन, सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर को देख हुए भावुक
झारखंड सरकार के वरिष्ठ मंत्री और गिरिडीह से विधायक रहे स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के अचानक निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को खुद गिरिडीह पहुंचे।
Sudivya Kumar Sonu Passes Away: झारखंड सरकार के वरिष्ठ मंत्री और गिरिडीह से विधायक रहे स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के अचानक निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को खुद गिरिडीह पहुंचे। मुख्यमंत्री सीधे हरसिंहरायडीह स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने करीबी सहयोगी और पार्टी के मजबूत स्तंभ रहे सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अपने पुराने साथी के अंतिम दर्शन करते समय मुख्यमंत्री बेहद भावुक नजर आए। इसके बाद उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उनका दुख बांटा और इस बेहद मुश्किल घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।
'झारखंड ने खो दिया समर्पित युवा नेता'..., CM का छलका दर्द
पार्थिव शरीर के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सुदिव्य कुमार का इस तरह अचानक चले जाना पूरे राज्य के लिए एक असहनीय और अत्यंत पीड़ादायक झटका है। उन्होंने कहा कि यह पूरे झारखंड के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके असमय निधन से राज्य ने एक बेहद कर्मठ जनप्रतिनिधि, जनता के मुद्दों के प्रति समर्पित मंत्री और एक जुझारू युवा नेतृत्व को हमेशा के लिए खो दिया है।
सदैव याद रखी जाएंगी उनकी सेवाएं
मुख्यमंत्री ने सुदिव्य कुमार के राजनीतिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि राज्य के विकास और आम जनता के हक की लड़ाई में उन्होंने जो भूमिका निभाई, उसे हमेशा सम्मान के साथ याद रखा जाएगा। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और गहरे सदमे में डूबे परिवार को इस पहाड़ जैसे दुख को सहने की शक्ति और संबल प्रदान करें।
कल्पना सोरेन ने भी दी भावभीनी विदाई
इस गमगीन मौके पर गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मुख्यमंत्री के साथ दिवंगत मंत्री के आवास पर मौजूद रहीं। उन्होंने भी स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी और परिवार की महिलाओं से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। आवास पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं और पूरे इलाके में शोक की लहर साफ देखी जा सकती थी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






