'कमी पैसों की नहीं, नीयत की है!', AJSU चीफ सुदेश महतो का JMM पर तीखा हमला, खोला अवैध खनन का कच्चा चिट्ठा
हरमू स्थित AJSU के प्रधान कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर जोरदार हमला बोला।

Ranchi: हरमू स्थित AJSU के प्रधान कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड निर्माण का ऐतिहासिक आंदोलन जल, जंगल, जमीन और खनिज जैसे प्राकृतिक संसाधनों के जरिए स्थानीय लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए हुआ था। इसलिए झारखंड के खनिजों से होने वाला पहला लाभ यहां के प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को ही मिलना चाहिए। सुदेश महतो ने MMDR Act के नए प्रावधानों का हवाला देते हुए केंद्र सरकार से मांग की कि राज्य सरकार को खनिजों पर Cess लगाने की अनुमति जरूर दी जाए, लेकिन इसके साथ यह सख्त शर्त जोड़ी जाए कि यह पूरा पैसा केवल खनिज क्षेत्रों के लोगों के कल्याण और विकास पर ही खर्च होगा।
DMFT फंड में 10 हजार करोड़ के घोटाले का बड़ा दावा
AJSU अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर DMFT फंड के भारी दुरुपयोग का सनसनीखेज आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि करीब 10,000 करोड़ रुपये के DMFT फंड के नियमों को ताक पर रखकर बड़ा घपला किया गया है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी बेहद जरूरी है। सुदेश महतो ने कहा कि मौजूदा सरकार का चाल, चरित्र और चेहरा पूरी तरह से झारखंडियों के खिलाफ हो चुका है। राज्य में अवैध खनन, नौकरियों की कथित खरीद-बिक्री और शराब घोटाले जैसे मामले इस बात का सबूत हैं कि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह फेल हो चुका है और सरकार अपने भ्रष्टाचार को छिपाने में लगी है।
अवैध कोयले के काले बाजार को बढ़ावा दे रही JMM!
JMM पर तीखा हमला बोलते हुए सुदेश महतो ने सत्तारूढ़ पार्टी पर Cess के मुद्दे पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि JMM किसी दूसरे ही मकसद से Cess का विरोध कर रही है। सुदेश महतो का सीधा आरोप है कि राज्य में पुलिस के संरक्षण में अवैध खनन का काला कारोबार फल-फूल रहा है। आंकड़ों का गणित समझाते हुए उन्होंने बताया कि Cess लगने से पहले राज्य में कोयला उत्पादन में सालाना बढ़ोतरी करीब 8 प्रतिशत थी, जो Cess लगने के बाद घटकर महज 2 प्रतिशत रह गई। उन्होंने दावा किया कि सरकार वैध कोयले को महंगा कर अवैध कोयले की काली कमाई का रास्ता तैयार कर रही है।
'पैसों की नहीं, नीयत की कमी है'
JMM के उस तर्क को सुदेश महतो ने सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि Cess न मिलने से विकास योजनाओं के लिए धन की कमी हो जाएगी। उन्होंने करारा तंज कसते हुए कहा कि झारखंड में कभी धन की कमी नहीं होती, असली कमी तो नीयत की होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन विभागों में जमकर कमीशनखोरी चल रही है और जहां से सरकार के आलाकामान के लिए धन की उगाही हो रही है, वहां बजट का 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सा खर्च कर दिया जा रहा है। सुदेश महतो ने कहा कि JMM सरकार अपने घोटालों पर पर्दा डालने के लिए आंदोलन और नाकेबंदी की नौटंकी कर रही है और राजनीतिक फायदे के लिए जनता में टकराव पैदा करना चाहती है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

खूंटी में 205 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से...

JPSC मामले में CID ने UP में TDPL का दफ्तर किया सील, 10-10 लाख में बिका था PT!







