गिरिडीह में वाहन फाइनेंस कराने के नाम कंपनी ने लिए करोड़ों रुपए, फिर हो गए फरार
राधा स्वामी संगठन ऐसे लोगों को जाल में फंसाता था जो नई गाड़ियों को खरीदने की चाहत रखते थे. उनसे संस्था के ये तीनों सदस्य गाड़ी दिलाने के नाम पर फाइनेंस कराते और पैसे लेकर फिर किस्त जमा करते थे.

Giridih, Jharkhand: गाड़ी फाइनेंस करने के नाम पर लोगों को ठगने वाली संस्था राधा स्वामी संगठन के कार्यालय में मंगलवार को भुक्तभोगियों ने जमकर हंगामा किया. काफी देर हंगामा के बाद जानकारी मिली कि राधा स्वामी संगठन के गिरिडीह संचालक अनीता सिन्हा, दीपक शर्मा और मुकेश सिन्हा कार्यालय बंद कर मंगलवार को ही फरार हो गए थे. लेकिन जाते-जाते करोड़ों की चपत लगा दी.
पचम्बा थाना इलाके के बोडो स्थित कार्यालय में नोटिस चिपकाया गया था. जिसमें कार्यालय बंद होने की सूचना थी. यही नोटिस देख कर वैसे लोगों का गुस्सा भड़का जो गाड़ियों के फाइनेंस कराने के नाम पर लाखों रूपये संस्था में मुकेश सिन्हा और अन्य के कहने पर लगा चुके थे.
जानकारी के अनुसार लोगों की दी हुई फाइनेंस की रकम जमा नहीं की गई. बताया जा रहा है कि संस्था के उपरोक्त तीनों सदस्य टालमटोल करते रहे और अंत में कार्यालय बंद कर फरार हो गए.
दरअसल, राधा स्वामी संगठन ऐसे लोगों को जाल में फंसाता था जो नई गाड़ियों को खरीदने की चाहत रखते थे. उनसे संस्था के ये तीनों सदस्य गाड़ी दिलाने के नाम पर फाइनेंस कराते और पैसे लेकर फिर किस्त जमा करते थे. बताते चलें कि राधा स्वामी संगठन काफी पहले से लोगों से धोखाधड़ी करता आ रहा था. इधर पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने कहा कि वो अभी आवदेन के इंतजार में हैं. जैसे ही आवदेन मिलता है वैसे ही केस दर्ज कर लिया जाएगा.
(गिरिडीह से मनोज कुमार पिंटू की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









