नालंदा में भयानक सड़क हादसा, मलमास मेले से लौट रहे टेंपो के उड़े परखच्चे, 3 की दर्दनाक मौत
नालंदा में एक टेंपों के ट्रक की चपेट में आने से एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जिसमें अब तक तीन लोगों के मरने की खबर है, वहीं 12 से अधिक जख्मी बताए जा रहे हैं. ऑटो सवार सभी मलमास मेले से लौट रहे थे.

Nalanda, Bihar: नालंदा जिले के छबीलापुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. राजगीर के राजकीय मलमास मेले से दर्शन और कुंड स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे एक सीएनजी टेंपो की तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक से आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई. यह हादसा साइडपर स्थित के.के. पॉलिटेक्निक कॉलेज के समीप हुआ.
हादसा इतना भयावह था कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक महिला, एक पुरुष और एक मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं 12 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. मृतकों में एक नालंदा और दो गया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार शनिवार रात मलमास मेला घूमने राजगीर पहुंचा था. रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच सभी लोग टेंपो से अपने गांव कोचरा लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता और छबीलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
परिजनों के अनुसार मृतकों में उनकी नतनी, समधिन और भतीजा गुड्डू शामिल हैं. सभी घायल एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए पावापुरी विम्स रेफर किया गया है.
फिलहाल पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर रही है. इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ज्ञान बिंदू संचालक के भाई की संदिग्ध मौत से कोहराम, खान सर की कोचिंग में हमले का था आरोपी

मोतिहारी नगर निगम में टेंडर का खेल! पांच गुना कम दर पर आवंटन से राजस्व नुकसान के आरोप







