किशनपुर में महिला कॉन्स्टेबल की संदिग्ध मौत, बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव
सुपौल के किशनपुर थाना से महिला कांस्टेबल का शव मिला है. जिन्होंने बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. कई बार ट्रेनिंग के दौरान भी अपनी जान लेने की कोशिश कर चुकी थी.

Bihar (Supaul): सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक महिला कॉन्स्टेबल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान भोजपुर जिले के पटखैली गांव निवासी रितु कुमारी के रूप में हुई है. वह मुजफ्फरपुर जिला बल में तैनात थीं और वर्तमान में सुपौल के भीमनगर स्थित बीएमपी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थीं.
घटना किशनपुर थाना परिसर स्थित ब्लॉक परिसर के सभा भवन की बताई जा रही है, जहां एक बाथरूम में उनका शव फंदे से लटका हुआ मिला. बताया जा रहा है कि जिस बाथरूम में शव मिला, वह नियमित उपयोग में नहीं था और उसमें चुनाव से संबंधित सामग्री रखी हुई थी. इस कारण घटना और भी संदिग्ध मानी जा रही है.
सूचना मिलते ही कोसी रेंज के डीआईजी कुमार आशीष, एफएसएल (IFSL) टीम और जिले के अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और गहन जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है. घटनास्थल से एक सुसाइड नोट और कुछ अन्य लिखित दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है. मृतका का मोबाइल फोन भी उनकी जेब से मिला है.
किशनपुर थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा. उल्लेखनीय है कि रितु कुमारी की ड्यूटी ईद और रामनवमी पर्व को लेकर किशनपुर में लगाई गई थी.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रितु कुमारी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थीं. यह भी जानकारी सामने आई है कि ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने दो बार आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन साथियों ने समय रहते उन्हें बचा लिया था.
मृतका के भाई रोहित कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे विभाग की ओर से फोन कर उनकी बहन की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उनकी मृत्यु की खबर मिली. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
रिपोर्ट: कुंदन कुमार, मोहम्मद अख्तरुल इस्लाम
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Nalanda: 20 वर्षों से कूड़े का अंबार, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से परेशान ग्रामीण

Motihari: निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई.. घूस लेते प्राइवेट मुंशी गिरफ्तार, थानाध्यक्ष निलंबित







