Simdega: सर्वाइकल कैंसर और दृष्टिहीनता से झारखंड को मुक्त करना हमारा लक्ष्य – डॉ. भारती कश्यप
सिमडेगा सदर अस्पताल में आयोजित 'मेगा महिला स्वास्थ्य एवं नेत्र चिकित्सा शिविर' में लगभग एक हजार मरीजों की जांच की गई. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी द्वारा उद्घाटित इस शिविर में सर्वाइकल कैंसर और आंखों की जटिल बीमारियों की पहचान कर मरीजों को मुफ्त इलाज के लिए चयन किया गया.

Simdega, Jharkhand: झारखंड के सिमडेगा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार, 29 अप्रैल 2026 को सदर अस्पताल परिसर में विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. जिला स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), वन विभाग और वीमेन डॉक्टर्स विंग (IMA) के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस मेगा शिविर का उद्घाटन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया. शिविर में सिमडेगा के साथ-साथ खूंटी और गुमला के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों का विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा उपचार किया गया.

महिला स्वास्थ्य एवं कैंसर की रोकथाम
शिविर के दौरान विशेष रूप से प्रजनन क्षमता वाली 214 महिलाओं की गहन जांच की गई. 'वूमेन डॉक्टर्स विंग' की चेयरपर्सन डॉ. भारती कश्यप के नेतृत्व में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता और स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया. जांच के दौरान सर्वाइकल प्री-कैंसर के लक्षण वाले 15 मरीज मिले, जिनमें से 10 महिलाओं का मौके पर ही क्रायो उपचार किया गया, जबकि 5 को बायोप्सी के लिए रेफर किया गया. डॉ. भारती ने बताया कि अब तक 'झारखंड मॉडल' के तहत राज्य की 6 लाख से अधिक महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है.

दृष्टि सुरक्षा: 352 लोगों की आंखों की जांच
'विजन फॉर झारखंड' अभियान के तहत नेत्र चिकित्सा शिविर में 352 लोगों की जांच की गई. इसमें मोतियाबिंद के 43, रेटिना की जटिल बीमारी के 15 और आंखों की अन्य बीमारियों से ग्रसित मरीज पाए गए. स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि चिह्नित मरीजों, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों का रांची स्थित कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल में आयुष्मान भारत योजना के तहत बिल्कुल मुफ्त इलाज कराया जाएगा.
सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचने का संकल्प
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और उपायुक्त कंचन सिंह ने वूमेन डॉक्टर्स विंग के प्रयासों की सराहना की. डॉ. भारती कश्यप ने जानकारी दी कि मोबाइल विजन सेंटर के माध्यम से अब तक करीब 25 लाख सरकारी स्कूली बच्चों की आंखों की जांच की जा चुकी है. सिमडेगा के सफल आयोजन के बाद अब इस अभियान को नारायणपुर (जामताड़ा) और देवघर जैसे क्षेत्रों में भी विस्तार दिया जाएगा.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









