गिरिडीह में साइबर थाने के SI पुनीत गौतम 30 हजार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB ने...
गिरिडीह जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ धनबाद ACB की टीम ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
Giridih: गिरिडीह जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ धनबाद ACB की टीम ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। साइबर थाने के सब-इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है। ACB की टीम ने यह कार्रवाई साइबर थाने से कुछ ही दूरी पर की, जिसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
थाने से बाहर निकलते ही शिकंजे में आए दारोगा
धनबाद ACB के DSP के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दारोगा को पकड़ने के लिए पूरी घेराबंदी कर रखी थी। जैसे ही SI पुनीत कुमार गौतम घूस की रकम लेने शिकायतकर्ता जीवलाल मंडल के पास पहुंचे, पहले से दो अलग-अलग गाड़ियों में तैनात विजिलेंस टीम ने उन्हें 30 हजार रुपये कैश के साथ धर दबोचा। इसके बाद टीम आरोपी दारोगा को झंडा मैदान स्थित उनके आवास ले गई, जहां जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें धनबाद ले जाया गया।
2 लाख से शुरू हुआ था रिश्वत का खेल
जानकारी के मुताबिक, अहिल्यापुर के रहने वाले जीवलाल मंडल से जुड़े एक मामले में केस डायरी भेजने के एवज में दारोगा पुनीत गौतम मोटी रकम की मांग कर रहे थे। दारोगा ने शुरुआत में 2 लाख रुपये की डिमांड रखी थी और पैसे न देने पर पीड़ित के परिजनों को जेल भेजने की लगातार धमकी दे रहे थे। काफी मिन्नतों के बाद सौदा 30 हजार रुपये में तय हुआ।
परेशान होकर पीड़ित ने ACB से लगाई थी गुहार
लगातार मिल रही धमकियों और घूस की मांग से तंग आकर शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की शिकायत धनबाद स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) से कर दी। ACB ने पहले मामले का गोपनीय सत्यापन कराया और आरोप सही पाए जाने के बाद जाल बिछाकर रिश्वतखोर दारोगा को रंगे हाथ दबोच लिया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






