JPSC-JSSC CGL को लेकर बोकारो में भाजपा का प्रदर्शन, मधु कोड़ा बोले- CBI जांच से ही सामने आएगा सच
JPSC और JSSC-CGL से जुड़े मामलों की जांच CBI से कराने की मांग को लेकर भाजपा ने पूरे झारखंड में आंदोलन का ऐलान किया है।
Bokaro: JPSC और JSSC-CGL से जुड़े मामलों की जांच CBI से कराने की मांग को लेकर भाजपा ने पूरे झारखंड में आंदोलन का ऐलान किया है। इसी कड़ी में बुधवार को बोकारो DC कार्यालय में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता DC कार्यालय परिसर के अंदर पहुंच गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
CBI जांच की मांग पर अड़े भाजपा नेता
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने JPSC और JSSC-CGL से जुड़े मामलों की जांच CBI से कराने की मांग दोहराई। पार्टी नेताओं का कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि गड़बड़ी के आरोपों की सच्चाई सामने आ सके और अगर कोई दोषी है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो।
मधु कोड़ा ने सरकार पर लगाया बड़ा आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में नौकरियों को बाजार में सब्जी की तरह बेचने का काम किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन मामलों का विरोध करने वालों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
भाजपा नेताओं ने CID जांच को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि JPSC से जुड़े कुछ लोगों पर राजनीतिक संबंधों के आरोप लगते रहे हैं, ऐसे में CID से निष्पक्ष जांच की उम्मीद करना मुश्किल है।
‘CBI जांच नहीं हुई तो आंदोलन जारी रहेगा’
भाजपा ने साफ कर दिया कि फिलहाल उसकी मुख्य मांग पूरे मामले की CBI जांच है। पार्टी नेताओं ने कहा कि जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा ने चेतावनी दी कि अगर सरकार CBI जांच की अनुशंसा नहीं करती है, तो पार्टी आंदोलन को आगे भी जारी रखेगी। नेताओं ने कहा कि नौकरी से जुड़े मामलों में युवाओं के हित और निष्पक्ष जांच के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






