बोकारो में ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, 23 साल के युवक की मौत
बोकारो के पेक नारायणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार अहले सुबह हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय बाइक सवार श्याम लाल हेम्ब्रम की मौत हो गई।
Bokaro: बोकारो के पेक नारायणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार अहले सुबह हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय बाइक सवार श्याम लाल हेम्ब्रम की मौत हो गई। धोवईया गांव के पास मुख्य सड़क पर उसकी बाइक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण
घटना की खबर मिलते ही धोवईया गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। श्याम लाल की मौत से गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर धोवईया-पेक मुख्य सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन भी प्रभावित हुआ।
परिवार में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि श्याम लाल शादीशुदा था और उसका करीब एक साल का बेटा भी है। कम उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस पहुंची, जाम हटाने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही पेक नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटाने की कोशिश की जा रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






