रांची में UPSC मेन्स परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू
रांची में UPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू की गई है। 21, 22, 23, 29 और 30 अगस्त को सुबह 6 से रात 8:30 बजे तक प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।

UPSC Mains 2026 : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा-2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से सदर अनुमंडल दंडाधिकारी (SDM) कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू
प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, रांची स्थित तमाम परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में यह निषेधाज्ञा 21, 22, 23, 29 और 30 अगस्त को प्रभावी रहेगी। परीक्षा के इन निर्धारित दिनों में प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से लेकर रात्रि 8:30 बजे तक यह पाबंदी लागू रहेगी। इस अवधि के दौरान परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के एक साथ एकत्र होने, किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन करने और लाउडस्पीकर के प्रयोग पर पूरी तरह रोक रहेगी।
सरकारी कार्य और शवयात्रा को प्रतिबंध से छूट
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निषेधाज्ञा परीक्षा की शुचिता और अभ्यर्थियों की सहूलियत को ध्यान में रखकर लगाई गई है। हालांकि, आवश्यक सरकारी कार्यों में लगे कर्मियों, पूर्व निर्धारित सरकारी कार्यक्रमों और शवयात्रा जैसी आपातकालीन गतिविधियों को इस प्रतिबंध के दायरे से पूरी तरह छूट दी गई है।
दंडाधिकारी और भारी पुलिस बल तैनात
परीक्षा केंद्रों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार के अनुचित हस्तक्षेप को रोकने के लिए प्रशासन ने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि परीक्षा केंद्रों के आसपास नियमों का उल्लंघन करने या शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

परीक्षा रद्द होते ही झारखंड में बड़ा प्रशासनिक संकट!, खाली हो गईं सैकड़ों कुर्सियां, ठप्प पड़ा सरकारी काम

'सुप्रीम कोर्ट से जीते, पर सिस्टम से हार रहे युवा!', JAP-1 ग्राउंड में दिनभर भटके झारखंड कांस्टेबल भर्ती के 888 अभ्यर्थी







