Ranchi के आड्रे हाउस में "सांसद सांस्कृतिक महोत्सव-सह-स्वदेशी मेला-2026" का आयोजन, राज्यपाल और सीएम ने किया उद्घाटन
रांची स्थित आड्रे हाउस में "सांसद सांस्कृतिक महोत्सव-सह-स्वदेशी मेला-2026" का आयोजन किया गया है जिसका उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया.

Ranchi News: राजधानी रांची के आड्रे हाउस परिसर में तीन दिवसीय "सांसद सांस्कृतिक महोत्सव-सह-स्वदेशी मेला-2026" का आयोजन किया गया है जिसका उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया. इस दौरान मौके पर संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वदेशी उत्पादों के महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि हमारे देश में अनेक विविधताएं हैं. देश के भीतर कई विभिन्न समाज एवं वर्ग के लोग रहते हैं जिनकी अलग-अलग खूबी और पहचान है. यही खूबी और पहचान देश का एक मजबूत स्तंभ भी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी का मतलब स्वयं उत्पादित वस्तुएं होती है. देश के भीतर उत्पादित वस्तुओं को अधिक से अधिक बढ़ावा मिले यह हम सभी की जिम्मेदारी है. राज्य सरकार निरंतर इस दिशा में बेहतर कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी स्वदेशी को अपनाया और स्वदेशी अपनाने के प्रति देशवासियों को प्रेरित किया. स्वदेशी मेला न केवल स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान करता है बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने का भी सशक्त माध्यम है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य निरंतर कार्य कर रही है. वहीं, इस आयोजन के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी.
स्वदेशी वस्तुओं को निरंतर प्रमोट कर रही राज्य सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा आज सरकार द्वारा गांव तथा शहरों में कई कार्यक्रमों अथवा आयोजनों के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों को प्रमोट किया जा रहा है. आज इस ऐतिहासिक ऑड्रे हाउस परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य भी स्वदेशी वस्तुओं के साथ-साथ राज्य की कला-संस्कृति को बढ़ावा देना है. उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश खनिज संपदाओं से पहचाना जाता है. ईश्वर ने इस राज्य में जमीन के अंदर के साथ-साथ जमीन के ऊपर भी काफी आकर्षक और खूबसूरत संपदाएं दी है. उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज स्वदेशी खान-पान के साथ जिस प्रकार जीवनयापन करना सिखा था वह काफी प्रभावित करने वाली चीजें हैं. उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं आज के वर्तमान दौर में मनुष्य कई ऐसी चीजों से प्रभावित हैं जिससे शरीर के आंतरिक तथा वाह्य वस्थाओं में भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है.
झारखंड में प्रतिभा की कमी नहीं
सीएम हेमंत ने कहा कि झारखंड के लोगों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. हमारे राज्य के युवा शिक्षा, संस्कृति तथा खेलकूद सहित विभिन्न क्षेत्रों में बहुत आगे हैं. हमारे बच्चे सीमित संसाधनों के बीच हर मंच पर राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं. इस राज्य की कला-संस्कृति की देश-दुनिया में अलग पहचान है. यहां के कलाकार कोई परिचय के मोहताज नहीं हैं. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इस राज्य के सरकारी स्कूलों में अध्यनरत बच्चे नेशनल लेवल पर आयोजित प्रतियोगिता-परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अपने प्रतिभा को लोहा मनवा रहे हैं, यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है.
प्रदर्शनी एवं स्टॉल का अवलोकन
इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वदेशी मेले में लगे विभिन्न प्रदर्शनी एवं स्टॉल का अवलोकन किया तथा कारीगरों से बातचीत कर उनके कार्य की सराहना की. मेले में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिल्पकारों द्वारा लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जहां हस्तनिर्मित वस्त्र, आभूषण, घरेलू सजावटी सामग्री एवं मिट्टी तथा बांस इत्यादि से उत्पादित स्वदेशी वस्तुएं प्रदर्शित किए गए हैं. राज्यपाल और मुख्यमंत्री के आगमन पर लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य व गीतों के साथ उनका हार्दिक स्वागत किया.
"सांसद सांस्कृतिक महोत्सव-सह-स्वदेशी मेला-2026" के उद्घाटन समारोह के दौरान मौके पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, विधायक नवीन जायसवाल, रांची महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर रांची नीरज कुमार, पूर्व राज्यसभा सांसद जय मारू सहित अन्य गणमान्य, प्रबुद्धजन, विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोक कलाकार सहित अन्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहें.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

राजद प्रदेश कार्यालय में मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान समारोह

गिरिडीह योगासन स्पोर्ट्स संघ ने किया 5वां योगासन प्रतियोगिता का आयोजन, 300 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा







