साहिबगंज कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस छावनी में तब्दील कोर्ट परिसर
झारखंड के साहिबगंज जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली. 12 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब कोर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई है. फिलहाल पूरे परिसर को खाली कराकर डॉग स्क्वायड और आईटी सेल जांच में जुटे हैं.

Jharkhand (Sahibganj): साहिबगंज जिला न्यायालय एक बार फिर सुरक्षा के घेरे में है. सोमवार को कोर्ट की आधिकारिक मेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी. इस सूचना के मिलते ही प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और आनन-फानन में पूरे कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया.
पुलिस आईटी सेल सक्रिय
सावधानी बरतते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया. वकील, मुवक्किल और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए तत्काल 'डॉग स्क्वायड' को मौके पर बुलाया गया, जो परिसर के कोने-कोने की तलाशी ले रहा है. साथ ही, धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने और उसे डिटेक्ट करने के लिए जिला पुलिस की 'आईटी सेल' को सक्रिय कर दिया गया है.
दूसरी बार मिली धमकी
हैरानी की बात यह है कि पिछले 12 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब साहिबगंज कोर्ट को इस तरह की धमकी मिली है. इससे पहले 26 मार्च 2026 को भी एक ईमेल के जरिए कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई थी. बार-बार मिल रही इन धमकियों ने जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है.
बार-बार इस तरह की धमकी, उठाती है गंभीर सवाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए साहिबगंज के डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. वहीं, अधिवक्ता संघ ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है. संघ के सचिव विजय कर्ण ने कहा कि बार-बार इस तरह की धमकी मिलना न्यायालय की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
रिपोर्ट: अरविंद रॉय
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गिरिडीह में माले नेताओं का पुलिस के विरुद्ध प्रदर्शन, सरिया हत्याकांड मामले में फरार मुखिया की जल्द गिरफ्तारी की मांग

मिरुडीह में अवैध अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली शराब बरामद






