Sahibganj: पल भर में उजड़ गई एक मां की दुनिया, अनियंत्रित बाइक चालक ने ले ली मासूम की जान
साहिबगंज में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जिसमें एक 5 वर्ष के मासूम बच्चे के मारे जाने की खबर है. घटना का कारण अनियंत्रित बाइक चालक की गलती को बताया जा रहा है.

Jharkhand (Sahibganj): साहिबगंज जिला के राजमहल थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में मासूम बच्चे की जान चली गई. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

राजमहल थाना क्षेत्र के घाटजमनी बुधबरिया फोर लाइन सड़क पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई. जानकारी के अनुसार बुधबरिया निवासी झगरू मंडल के 5 वर्षीय पुत्र राजकुमार मंडल को एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
परिजनों ने बाइक चालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चा सड़क किनारे खड़ा था, लेकिन तेज रफ्तार और कथित रूप से नशे में धुत बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ.
वहीं दूसरी ओर हादसे में बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके का माहौल गमगीन बना है.
रिपोर्ट: अरविंद रॉय
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









