झरना देखने पहुंचे थे अफसर, हाथ में उठा लिया कचरा! तुतला भवानी में दिखा अलग अंदाज
मां तुतला भवानी इको टूरिज्म स्थल पर जिला प्रशासन और वन विभाग ने संयुक्त सफाई अभियान चलाया। डीएम दीपक कुमार मिश्र और DFO स्टालिन फिडल कुमार ने खुद कचरा उठाकर पर्यटकों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


रोहतास: रोहतास जिला पुलिस मुख्यालय के रूप में विख्यात और सोन नदी के किनारे बसा डेहरी-ऑन-सोन शहर, जो पूरे जिले की पुलिस प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र है, उसी के तिलौथू प्रखंड में स्थित प्रसिद्ध माँ तुतला भवानी इको पर्यटन स्थल पर आज जिला प्रशासन और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वृहद स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व स्वयं जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र और वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार ने किया। दोनों अधिकारियों ने हाथों में दस्ताने पहनकर परिसर में बिखरे प्लास्टिक, बोतलें और अन्य कचरे को खुद उठाया और आम लोगों को स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
बड़ी संख्या में लोगों ने किया श्रमदान
इस विशेष अभियान में रोहतास पुलिस लाइन डेहरी के आरक्षी ,एनसीसी कैडेट, डेहरी और तिलौथू के विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं, स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, वन विभाग के कर्मी और जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी शामिल हुए। सुबह से ही सभी ने झरने, मंदिर परिसर, पैदल पथ और पार्किंग क्षेत्र के आसपास सफाई शुरू की। कई क्विंटल कचरा एकत्र कर उसका निष्पादन किया गया।
पर्यटकों से की अपील
इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने कहा, "माँ तुतला भवानी रोहतास ही नहीं, पूरे बिहार की प्राकृतिक धरोहर है। हर साल यहाँ लाखों पर्यटक आते हैं। इसे स्वच्छ, सुंदर और पॉलिथीन मुक्त बनाए रखना सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि यहाँ आने वाले हर पर्यटक की नैतिक जिम्मेदारी है।" उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे अपने साथ लाए गए कचरे को इधर-उधर न फेंकें, निर्धारित डस्टबिन का ही प्रयोग करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
वन प्रमंडल पदाधिकारी स्टालिन फिडल कुमार ने कहा कि तुतला भवानी को इको टूरिज्म के मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहाँ की जैव विविधता और प्राकृतिक जलप्रपात को बचाए रखने के लिए स्वच्छता सबसे पहली शर्त है। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा जल्द ही यहाँ जागरूकता बोर्ड और अधिक डस्टबिन लगाए जाएंगे और इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाते रहेंगे।
क्यों खास है तुतला भवानी?
कैमूर पहाड़ी की गोद में बसा माँ तुतला भवानी धाम अपनी प्राकृतिक सुंदरता, झरनों और घने जंगलों के लिए प्रसिद्ध है। यह बिहार के सबसे खूबसूरत इको पर्यटन स्थलों में से एक है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इसे राष्ट्रीय स्तर का स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन स्थल बनाया जाए।अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यटन स्थल को स्वच्छ रखने की शपथ भी ली।
(रोहतास से विकास चंदन की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

गांधी से पहले पढ़ेंगे राजकुमार शुक्ल! बिहार के स्कूलों में बदलेगा इतिहास का पाठ, शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मिला ‘पिंक गिफ्ट’, बिहार में दौड़ीं 5 AC ई-बसें; जानें रूट और किराया







