Ranchi में ‘रेरा बिहार से रूबरू’ कार्यक्रम का आयोजन, बिल्डरों को बिहार में निवेश का न्योता
‘रेरा बिहार से रूबरू’ कार्यक्रम में रेरा बिहार के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने झारखंड में कार्यरत बिल्डरों से बिहार के रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश करने की अपील की. उन्होंने कहा कि राज्य में तेजी से हो रहे विकास के बीच निवेश के बड़े अवसर मौजूद हैं.

Ranchi / Jharkhand (Report By-Navin Sharma): राजधानी रांची में आयोजित ‘रेरा बिहार से रूबरू’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें भू-सम्पदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा), बिहार के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने झारखंड में काम कर रहे बिल्डरों से बिहार में निवेश बढ़ाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि बिहार में तेजी से विकास हो रहा है और इस अवसर का लाभ उठाकर आम लोगों के आवासीय जरूरतों को पूरा करने में भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए.
‘रेरा बिहार से रूबरू’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य निवेशकों को बिहार में ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ की जानकारी देना और घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा के लिए रेरा बिहार द्वारा उठाए गए कदमों से अवगत कराना है. मौके पर इस कार्यक्रम में झारखंड के विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, झारखंड रेरा के अध्यक्ष बिरेन्द्र भूषण, राज्य में कार्यरत बिल्डर्स और घर खरीदारों ने हिस्सा लिया.
रेरा बिहार के अध्यक्ष ने बताया कि प्राधिकरण ने एक सरल ‘फिल्टर व्यवस्था’ लागू की है, जिससे प्रोजेक्ट रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आसान हो गई है. उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक दस्तावेज सही तरीके से जमा होने पर रजिस्ट्रेशन देने में उदारता बरती जाती है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि रेरा बिहार घर खरीदारों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार के अन्याय पर सख्ती से कार्रवाई करता है.
विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह ने रेरा बिहार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड में भी इस तरह की पहल अपनाई जानी चाहिए, ताकि घर खरीदारों के हित सुरक्षित रह सकें. वहीं, झारखंड रेरा के अध्यक्ष बिरेन्द्र भूषण ने कहा कि रेरा बिहार के कामों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है और इस कार्यक्रम से कई अच्छी बातें सीखने को मिली हैं, जिन्हें झारखंड में लागू करने का प्रयास किया जाएगा.
मौके पर रेरा बिहार के जांच आयुक्त संजय सिंह ने रेरा रजिस्ट्रेशन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि घर खरीदते समय इसकी जांच अवश्य करनी चाहिए. कार्यक्रम में रेरा बिहार के सचिव अनीमेष पांडेय ने उद्देश्य स्पष्ट किया, जबकि विशेष कार्य पदाधिकारी राजेश थदानी ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इस दौरान जागरूकता के लिए दो लघु फिल्में भी दिखाई गईं.
कार्यक्रम में एक विस्तृत प्रस्तुति के माध्यम से बिहार के रियल एस्टेट सेक्टर में उपलब्ध अवसरों, निवेश की संभावनाओं और घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा के उपायों की जानकारी दी गई. साथ ही खरीदारों को निवेश से पहले जरूरी सावधानियों के बारे में भी बताया गया. अंत में आयोजित खुले सत्र में प्रतिभागियों के सवालों के जवाब देकर रेरा अधिनियम से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया गया.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

घाघरा थाना के पीछे भड़की भीषण आग, जब्त किए गए वाहन हो गए जलकर खाक

Giridih Crime: घर पर मालिक के न होने का चोरों ने उठाया फायदा, लाखों ले उड़े.. आग के हवाले कर दिया सारा घर







