मोतिहारी में 13 केंद्रों पर Re-NEET UG की परीक्षा, 6 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल
200 गज दायरे में धारा 163 लागू, भारी संख्या में पुलिस-प्रशासन तैनात; एसडीपीओ ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

Re-NEET Exam Motihari : पूर्वी चंपारण जिले में Re-NEET UG परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6320 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं.
परीक्षा केंद्रों पर थ्री-लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. अभ्यर्थियों को कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है. सभी 13 केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है.
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए परीक्षा केंद्रों के 200 गज के दायरे में धारा 163 लागू की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाहरी हस्तक्षेप को रोका जा सके.
मोतिहारी सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने कहा कि परीक्षा को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न हो सके. उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
परीक्षा आयोजन से पहले सुबह में सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल और सुरक्षा जांच अभियान भी चलाया गया, ताकि व्यवस्था में कहीं कोई चूक न रह जाए. जिला प्रशासन लगातार सभी केंद्रों की निगरानी कर रहा है और परीक्षा के सफल संचालन को लेकर पूरी तरह सतर्क है.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

International Yoga Day : NTPC कहलगांव में 12 दिवसीय योग शिविर का समापन

Simri Bakhtiyarpur News: पारिवारिक विवाद में लाठी-डंडों से हमला, दो गंभीर रूप से घायल







