मोतिहारी के हसुआहां में ताबड़तोड़ छापेमारी, चार शातिर गिरफ्तार, मास्टर चाबी से उड़ाते थे बाइक
छापेमारी में श्यामबाबू कुमार के घर से बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर बाइक और मास्टर चाबी, सुखल मुखिया के घर से नंबर प्लेट घिसी हुई हीरो होंडा बाइक तथा खलीफा मुखिया के घर से तीन चोरी की मोटरसाइकिल, खुले हुए बाइक के पार्ट्स और उपकरण बरामद किए गए.

Motihari Crime News : मोतिहारी पुलिस ने संगठित बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हसुआहाँ गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने चोरी की पांच मोटरसाइकिल, मास्टर चाबी, बाइक के पार्ट्स और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं. पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि गिरोह मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी करता था और चोरी के वाहनों को शराब कारोबारियों समेत अन्य लोगों को बेच देता था.
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना पर गठित टीम ने श्यामबाबू कुमार, सुखल मुखिया और खलीफा मुखिया के घरों पर एक साथ दबिश दी. छापेमारी में श्यामबाबू कुमार के घर से बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर बाइक और मास्टर चाबी, सुखल मुखिया के घर से नंबर प्लेट घिसी हुई हीरो होंडा बाइक तथा खलीफा मुखिया के घर से तीन चोरी की मोटरसाइकिल, खुले हुए बाइक के पार्ट्स और उपकरण बरामद किए गए.
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे राजा कुमार, रौशन कुमार और राहुल कुमार के साथ मिलकर जिले के विभिन्न इलाकों से बाइक चोरी करते थे. चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने के लिए गिरोह का अपना नेटवर्क था, जिसके जरिए बाइक शराब कारोबारियों और अन्य लोगों तक पहुंचाई जाती थी. पुलिस ने छापेमारी के दौरान गिरोह के एक अन्य सदस्य राहुल कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया.
इस मामले में मुफ्फसिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

12 साल बाद मिला इंसाफ: जमीन विवाद में पत्नी-भतीजी पर एसिड फेंकने वाले भाई को उम्रकैद

पलामू के पत्थलचटी गांव में वर्षों बाद पहुंची पेयजल की सुविधा, उपायुक्त की त्वरित पहल से ग्रामीणों में खुशी







