नालंदा में बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, सड़कें बनीं तालाब, लोग परेशान
नालंदा में बारिश ने बिहारशरीफ नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है. बारिश के कारण लोगों ने भीषण गर्मी में राहत की सांस ली है लेकिन सड़कों पर घुटने भर तक पानी जमा हो गया जिससे लोगों और वाहनों को आने-जाने परेशानी होने लगी.

Nalanda / Bihar (Report By- Virendra Kumar): एक तरफ जहां बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी तरफ मानसून से पहले हुई इस बारिश ने बिहारशरीफ नगर निगम की तैयारियों और साफ-सफाई के दावों की पोल खोलकर रख दी है.
महज कुछ देर की बारिश के बाद ही शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई. सबसे बदतर हाल बिहारशरीफ के रांची रोड स्थित भैसासुर देवी स्थान के पास देखने को मिला, जहां मुख्य सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो गया. सड़क पर जलभराव होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई.

वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. लोगों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ा. कई जगहों पर वाहन चालकों को पानी में वाहन धकेलते हुए भी देखा गया.
रांची रोड के अलावा धनेश्वर घाट, अंबेर चौक, पुल पर और अन्य प्रमुख चौराहों पर भी जलजमाव की स्थिति देखने को मिली. स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम द्वारा नाला उड़ाही और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में इन दावों की हकीकत सामने आ गई.

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की गई होती, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती. लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है. अब सवाल यह उठता है कि जब प्री-मानसून की हल्की बारिश में ही बिहारशरीफ की यह स्थिति है, तो मानसून के दौरान शहरवासियों को कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा? यह एक बड़ा सवाल है, जिसका जवाब नगर निगम प्रशासन को देना होगा.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी में बेखौफ अपराधियों का आतंक, हथियार के बल पर अनाज व्यवसायी से 45 हजार की लूट

मोतिहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 24 लाख नकद के साथ 4 गिरफ्तार







