पुलिस एनकाउंटर में प्रिंस खान गैंग का गुर्गा घायल, हथियार सप्लायर समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
हजारीबाग में पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। हथियार बरामदगी के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुआ, जबकि हथियार सप्लायर भी पकड़ा गया।

Hazaribagh: हजारीबाग जिले में संगठित अपराध और गैंगस्टर्स के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह से जुड़े चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर रंगदारी, गोलीबारी और हथियारों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। हथियार बरामदगी के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है।
पूछताछ में खुले राज, गैस प्लांट से हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त को गुप्त सूचना के आधार पर बड़कागांव थाना क्षेत्र से प्रिंस खान गिरोह के गुर्गे अंकित कुमार पांडेय को हिरासत में लिया गया था। उसके मोबाइल की जांच से प्रिंस खान के साथ उसके लगातार संपर्क में रहने की पुष्टि हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर अंकित ने कबूल किया कि प्रिंस खान के निर्देश पर ही उसने अपने साथियों के साथ 25 जुलाई की रात बड़कागांव के ट्रांसपोर्ट रोड पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था और दहशत फैलाने के लिए गिरोह के नाम से पर्चा भी छोड़ा था। अंकित की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के दो अन्य सदस्यों ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल और कुणाल कुमार पांडेय को भी फौरन दबोच लिया। पूछताछ में इन आरोपियों ने पीपरा डीह गांव के पास बंद पड़े गैस प्लांट में हथियार और अन्य सामान छिपाने की बात कुबूल की।
हथियार बरामदगी के दौरान भागने लगा आरोपी, मुठभेड़ में घायल
आरोपियों के खुलासे के बाद जब पुलिस टीम अंकित को साथ लेकर गैस प्लांट के पास हथियार बरामद करने पहुंची, तो उसने अचानक वहां से भागने का प्रयास किया। भागते समय उसने पुलिस टीम की ओर भी गोली चलाने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो अंकित के बाएं पैर में जा लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे फौरन काबू में कर लिया। घटनास्थल की तलाशी लेने पर वहां से हथियार, बम और कई धमकी भरे पर्चे बरामद किए गए।
गैंग्स को हथियार सप्लाई करने वाला भी चढ़ा हत्थे
पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई में प्रिंस खान और राहुल दुबे गिरोह को हथियार तथा बम मुहैया कराने वाले मुख्य सप्लायर करमा कुमार साहू को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, वह सोशल मीडिया ऐप के जरिए दोनों गिरोहों से जुड़ा था और हजारीबाग कोयलरी तथा गिद्दी थाना क्षेत्र में कारोबारियों और ठेकेदारों को डराने-धमकाने के लिए हथियारों की खेप पहुंचाता था। उसकी निशानदेही पर 8 अगस्त को साधु कुटिया जंगल से दो देशी बम, पिस्तौल की मैगजीन, कारतूस, खोखा, मिसफायर गोली, पांच मोबाइल फोन और चार पर्चे बरामद किए गए। इस पूरे अभियान में गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों में बड़कागांव के पीपरा डीह का रहने वाला अंकित कुमार पांडेय, शिवाडीह निवासी ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल, पतरातू निवासी कुणाल कुमार पांडेय और रामगढ़ के पतरातू बाजार निवासी करमा कुमार साहू शामिल हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड : स्वतंत्रता सेनानी ने दान की थी जमीन, आज बदहाली के आंसू रो रहा जोजोहातू का सरकारी स्कूल ; एक ही कमरे में चल रहीं 8 कक्षाएं

गिरिडीह SP कार्यालय में क्राइम मीटिंग, पुलिस अधिकारियों को मिला नया टास्क







