झारखंड में महागठबंधन के भीतर सियासत तेज, BJP ने कहा- "यह टूटती एकता का उदाहरण"
कांग्रेस के आरोपों पर राजद और सीपीआई-एमएल ने पलटवार किया है. दोनों दलों ने साफ कहा कि उनके विधायकों ने गठबंधन धर्म निभाया और कांग्रेस को पहले अपने घर में झांकना चाहिए.

Ranchi, Jharkhand : झारखंड राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार की हार ने महागठबंधन के भीतर सियासी हलचल तेज कर दी है. संख्या बल होने के बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार की हार के बाद कांग्रेस, राजद और सीपीआई-एमएल के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है. बीजेपी इसे महागठबंधन की अंदरूनी कलह और नेतृत्व संकट बता रही है.
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को उम्मीद थी कि महागठबंधन अपने संख्या के दम पर दूसरी सीट भी निकाल ले जाएगी, लेकिन नतीजा उम्मीद से ठीक विपरीत रहा. बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया. इसके बाद कांग्रेस नेतृत्व ने सहयोगी दल राजद और माले के विधायकों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाया.
कांग्रेस के आरोपों पर राजद और सीपीआई-एमएल ने पलटवार किया है. दोनों दलों ने साफ कहा कि उनके विधायकों ने गठबंधन धर्म निभाया और कांग्रेस को पहले अपने घर में झांकना चाहिए.
हालांकि राजद और माले के प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस ने फिर एक बार राजद और माले पर जमकर हमला बोला है मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि महागठबंधन में विश्वासघात हुआ है. राजद और माले के विधायकों ने पीठ में छुरा घोपने का काम किया है.
हालांकि झामुमो के वरिष्ठ नेता मंत्री और राज्यसभा चुनाव में जेएमएम के इलेक्शन एजेंट सुदिव्य सोनू ने कहा है कि निश्चित तौर पर महागठबंधन के एक प्रत्याशी की हार हुई है जबकि महागठबंधन के पास संख्या बल था. महागठबंधन के सभी दल अपने-अपने स्तर से जरूर इसकी समीक्षा करेंगे उसके बाद ही कोई निर्णय लेंगे.
बीजेपी ने इस पूरे घटनाक्रम को महागठबंधन की टूटती एकता का उदाहरण बताया है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि सरकार चला रहे दलों के बीच भरोसे का संकट गहरा गया है और राज्यसभा चुनाव ने अंदरूनी मतभेदों को उजागर कर दिया है.
राज्यसभा चुनाव के बाद महागठबंधन में उठे सवालों ने झारखंड की सियासत को गर्म कर दिया है. अब देखना होगा कि सहयोगी दल आरोपों की राजनीति से बाहर निकलकर एकजुटता का संदेश देते हैं या यह दरार आगे और गहरी होती है.
(रांची से नवीन शर्मा की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ओरमांझी के कलकत्ता पब्लिक स्कूल में योग शिविर का आयोजन, योग के महत्व पर हुई चर्चा

बच्ची की पुकार पर पहुंचे उपायुक्त, दिव्यांग दंपति को मिला आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ







