पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर बिहार में सियासत तेज, ‘सरकारी मशीनरी की जीत’ का आरोप
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद फेयर और अनफेयर इलेक्शन की बहस तेज हो गई है. बिहार में सत्ता पक्ष जहां बंगाल चुनाव में ममता की हार को जनता का न्याय बता रही है, वहीं विपक्ष कई मुद्दों में बीजेपी को घेरती नजर आ रही है.

Arwal, Bihar: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली प्रचंड जीत के बाद अरवल में राजनीतिक माहौल गरमा गया है. एक ओर भाजपा नेता इसे लोकतंत्र की जीत बताते हुए उत्साह जता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस परिणाम पर सवाल खड़े किए हैं.
भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने कहा कि राज्य की जनता ने तुष्टिकरण की राजनीति से ऊबकर भाजपा के पक्ष में मतदान किया है. उनका दावा है कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया है और विकास की राजनीति को समर्थन दिया है. वहीं कांग्रेस पार्टी के नेता हारून रशीद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को बांटने का काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि सरकार के अधिकांश तंत्र पर भाजपा का नियंत्रण हो चुका है. साथ ही उन्होंने राहुल गांधी को देश का ऐसा नेता बताया जो किसी से डरने वाला नहीं है. इसी कड़ी में सामाजिक कार्यकर्ता एनामुल हक ने कहा कि हर उत्थान के बाद पतन की कहानी शुरू होती है. उनका कहना था कि वर्तमान सरकार के दौरान सामाजिक संरचना में बदलाव आया है और पिछड़े वर्गों को उनका अधिकार मिला है.
वहीं पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि जयराम यादव ने इस जीत को भाजपा की नहीं, बल्कि सरकारी मशीनरी की जीत बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि आज की भाजपा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का प्रभाव अधिक है और पार्टी अपने मूल विचारों से भटक गई है.
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं के योगदान को भी नजरअंदाज किया जा रहा है. कुल मिलाकर पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है, जहां एक तरफ इसे ऐतिहासिक जनादेश बताया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष इसके पीछे कई सवाल खड़े कर रहा है.
Report By - Nishant Mishra
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नालंदा में खेत में पड़ा मिला युवक का शव, पुलिस ने कहा- ड्रग्स ओवरडोज से हुई मौत

दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बने हिमंता बिस्वा सरमा, PM नरेंद्र मोदी, अमित शाह मौक पर मौजूद







