Exclusive: सरकारी संवेदनहीनता का ढेर, Corona काल की PPE किट और सैनिटरी पैड्स कबाड़ में मिली
एक रिहायशी इलाके के पार्किंग एरिया में भारी मात्रा में सील पैक PPE किट और सैनिटरी पैड्स लावारिस हालत में फेंके हुए मिले हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इन सभी पैकेटों पर स्पष्ट रूप से "JHARKHAND GOVERNMENT SUPPLY NOT FOR SALE" लिखा हुआ है।

Jharkhand (Ranchi): झारखंड की राजधानी रांची के हरमू इलाके से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो राज्य के स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। एक रिहायशी इलाके के पार्किंग एरिया में भारी मात्रा में सील पैक PPE किट और सैनिटरी पैड्स लावारिस हालत में फेंके हुए मिले हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इन सभी पैकेटों पर स्पष्ट रूप से "JHARKHAND GOVERNMENT SUPPLY NOT FOR SALE" लिखा हुआ है। जहाँ एक ओर कोरोना काल में संसाधनों की कमी के कारण लोगों ने अपनों को खोया, वहीं दूसरी ओर सरकारी संपदा की इस तरह बर्बादी प्रशासनिक लापरवाही की पराकाष्ठा है।
आपदा में कि थी जमाखोरी अब बन गया कबाड़
कोरोना काल की वो भयावह तस्वीरें आज भी लोगों के जेहन में ताजा हैं, जब अस्पतालों में जीवन रक्षक उपकरणों और डॉक्टरों के लिए PPE किट की भारी किल्लत थी। संसाधनों के अभाव में कई योद्धाओं ने अपनी जान गंवाई। ऐसे में सालों तक इन सामानों को गोदामों में दबाए रखना और अब एक्सपायर होने के बाद उन्हें खुले में फेंक देना, सीधे तौर पर जमाखोरी और कुप्रबंधन की ओर इशारा करता है। यहां तक कि तत्कालीन अधिकारियों को भी इसकी कोई जानकारी नहीं है ।
विभाग की व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल
इस घटना ने प्रशासन के सामने कई तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं:
जब राज्य को इन सामानों की सख्त जरूरत थी, तब इन्हें जनता या अस्पतालों तक क्यों नहीं पहुंचाया गया?
इतनी बड़ी खेप को सालों तक किसके संरक्षण में छिपाकर रखा गया था?
रिहायशी इलाके में इस तरह मेडिकल कचरा फेंकना स्वास्थ्य के लिए कितना खतरनाक हो सकता है?
स्थानीय निवासियों के लिए भी बन सकता है बड़ा खतरा
स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। खुले में फेंके गए ये सामान न केवल पर्यावरण को दूषित कर रहे हैं, बल्कि संक्रमण का खतरा भी बढ़ा रहे हैं। यह घटना विभाग के उन दावों की पोल खोलती है जिसमें 'बेहतर स्वास्थ्य सेवा' और 'संसाधनों के सही वितरण' की बात कही जाती है।
अब देखना यह होगा कि क्या सरकार इस आपराधिक लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करती है, या फिर यह मामला भी कूड़े के ढेर की तरह दबा दिया जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









