गिरिडीह में तेज धमाके से दहशत! रिटायर्ड CCL कर्मी के घर के बाहर ब्लास्ट, बम या पटाखा?
गिरिडीह के अजीडीह गांव में रिटायर्ड CCL कर्मी शंकर पाठक के घर के बाहर तेज धमाका हुआ, जिससे घर के शीशे टूट गए। पुलिस बम और पटाखा दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


गिरिडीह: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अजीडीह गांव में शुक्रवार दोपहर एक जोरदार धमाके ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। यह धमाका सीसीएल (CCL) के रिटायर कर्मी शंकर पाठक के घर के बाहर हुआ। धमाके की वजह से उनके घर के कई शीशे चकनाचूर हो गए। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह धमाका किसी विस्फोटक सामग्री के कारण हुआ या फिर पटाखे फोड़ने की वजह से। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।
धमाके की आवाज से दहल उठा इलाका
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर शंकर पाठक अपने घर में थे। इसी दौरान, अचानक उनके घर के बाहर एक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि घर की खिड़कियों के कई शीशे चकनाचूर हो गए। स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग इसे पटाखे का धमाका मान रहे हैं, जबकि कुछ ने बम जैसी विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई है। हालांकि, इन दावों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ जितवाहन और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि धमाका पटाखे से हुआ या फिर किसी अज्ञात व्यक्ति ने विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल किया।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता ऋषिकेश मिश्रा, सामाजिक कार्यकर्ता दीपक उपाध्याय और कई स्थानीय लोग शंकर पाठक के घर पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली। इस समय पुलिस की जांच चल रही है, और जांच पूरी होने के बाद ही धमाके की असली वजह सामने आएगी।
(रिपोर्ट - मनोज कुमार पिंटू)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

एयरपोर्ट शुरू होने में देरी पर पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने उठाए सवाल, बोले- 500 दिन बाद भी नहीं मिली उड़ान

सरकारी जलापूर्ति योजना पर दबंगों का धावा! हथियार लहराकर पाइपलाइन का काम रुकवाया







